मप्रः आईपीएस शुक्ला बड़वानी के पुलिस अधीक्षक नियुक्त
- एक महीने से खाली था पद, कृषि कैबिनेट से पहले हुई नियुक्ति
भोपाल, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2046 बैच के अधिकारी पदम विलोचन शुक्ला को बड़वानी जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। इस संबंध में रविवार देर शाम गृह विभाग द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि बड़वानी जिले के पुलिस अधीक्षक जगदीश डाबर 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद से यह पद रिक्त था और प्रभार के सहारे व्यवस्था चल रही थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार, 02 मार्च को बड़वानी में इस साल की पहली कृषि कैबिनेट की बैठक होने जा रही है।
कृषि कैबिनेट से पहले आईपीएस अधिकारी पद्म विलोचन शुक्ला को बड़वानी जिले का पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया है। शुक्ला अभी इंदौर में पुलिस अधीक्षक रेल के पद पर पदस्थ हैं। गृह विभाग के सचिव अभिषेक सिंह ने राज्यपाल के आदेशानुसार रविवार को उक्त आदेश जारी किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

