मप्रः कटनी जिले से फोर्टीफाइड चावल के गुमशुदगी मामले में जांच के निर्देश, सात दिन में रिपोर्ट तलब

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः कटनी जिले से फोर्टीफाइड चावल के गुमशुदगी मामले में जांच के निर्देश, सात दिन में रिपोर्ट तलब


- दोषी पाए जाने पर अधिकारियों और परिवहनकर्ता पर होगी कठोर कार्रवाई: खाद्य मंत्री

भोपाल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंगलवार को कटनी जिले से फोर्टीफाइड चावल के गुमशुदगी की जानकारी सामने आने के बाद प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता को सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।

खाद्य मंत्री राजपूत ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच निष्पक्षता और गंभीरता से की जाए, ताकि पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। जांच में यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या परिवहनकर्ता की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा सकेगी। फोर्टीफाइड चावल से भरे ट्रकों के गायब होने का मामला खाद्यान्न परिवहन व्यवस्था, निगरानी तंत्र और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में जांच के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि परिवहन प्रक्रिया में कहां चूक हुई और जिम्मेदार लोगों की भूमिका क्या थी।

उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक वितरण एवं खाद्यान्न प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखना और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story