मप्र: अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर खास पहल, श्रवण-बाधित दिव्यांगजनों को मिलेगी लाइव इंटरप्रेटर की सुविधा
भोपाल, 22 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में बुधवार, 23 सितम्बर को अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा श्रवण-बाधित दिव्यांगजनों को सहज संवाद की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाइव सांकेतिक भाषा इंटरप्रेटर सेवा के व्यापक उपयोग के लिए जन-जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने मंगलवार को अपने संदेश में कहा कि सांकेतिक भाषा श्रवण-बाधित व्यक्तियों की अभिव्यक्ति और संवाद का सशक्त माध्यम है। उन्हें सूचना, सेवाओं और अवसरों तक समान पहुंच उपलब्ध कराना समावेशी समाज की अनिवार्य शर्त है। लाइव इंटरप्रेटर सुविधा श्रवण-बाधित दिव्यांगजनों और आम नागरिकों के बीच संवाद की बाधाओं को दूर करने में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा का लाभ लेने की प्रक्रिया सरल रखी गई है। उपयोगकर्ता विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर आवश्यक अनुमति देने के बाद अपना नाम और भाषा दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद उपलब्ध इंटरप्रेटर से लाइव वीडियो के माध्यम से जुड़कर सांकेतिक भाषा में संवाद किया जा सकता है। सेवा पूर्ण होने पर उपयोगकर्ता अपना फीडबैक भी दे सकते हैं।
यह सेवा SignAble Live—Live Interpretation Service के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। नागरिक www.signable.live वेबसाइट के माध्यम से भी सेवा प्राप्त कर सकते हैं। सहायता अथवा शिकायत के लिए मोबाइल नंबर +91 9654135797 पर संपर्क किया जा सकता है।
अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस का उद्देश्य सांकेतिक भाषाओं के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बधिर एवं श्रवण-बाधित समुदाय के भाषायी अधिकारों को प्रोत्साहित करना है। विभाग ने नागरिकों से इस सुविधा की जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने और दिव्यांगजन-अनुकूल, संवेदनशील एवं समावेशी समाज के निर्माण में सहभागिता करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

