मप्रः इंदौर जिले में पहली बार पैशन फ्रूट की खेती का नवाचार, महिला किसान ने दिखाई नई राह

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः इंदौर जिले में पहली बार पैशन फ्रूट की खेती का नवाचार, महिला किसान ने दिखाई नई राह


- महू के समीप ग्राम पिवलाय की महिला किसान स्वाती नामदेव के खेत पर 50 किसानों का एक्सपोजर विजिट आयोजित

इंदौर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पहली बार पैशन फ्रूट (कृष्णा फल) की खेती का नवाचार इंदौर जिले में किया गया है। महू के समीप ग्राम पिवलाय की प्रगतिशील महिला किसान स्वाती नामदेव ने अपने खेत में पैशन फ्रूट का सफल उत्पादन प्रारंभ कर जिले के अन्य किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। इंदौर की जलवायु में इस नवीन फल की खेती की सफलता को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा उनके खेत पर जिले के विभिन्न विकासखंडों के 50 किसानों का एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया।

संयुक्त कृषि संचालक जितेन्द्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य किसानों को नवीन फसलों एवं खेती की उन्नत तकनीकों से परिचित कराना तथा कृषि में नवाचार के लिए प्रेरित करना है। भ्रमण के दौरान किसानों को पैशन फ्रूट की खेती, इसकी उपयोगिता, उत्पादन की संभावनाओं एवं इंदौर की जलवायु में इसकी अनुकूलता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस नवाचार में अन्य किसानों ने भी रुचि दिखाई है। विशेष रूप से उज्जैन जिले के किसानों ने भी पैशन फ्रूट की खेती की संभावनाओं को लेकर रुचि व्यक्त की। इसे देखते हुए कृषि विभाग द्वारा उज्जैन के इच्छुक किसानों को भी एक्सपोजर विजिट में शामिल किया गया।

इस अवसर पर परियोजना संचालक आत्मा इंदौर शार्ली थॉमस ने भी किसानों से संवाद किया और उन्हें पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई एवं लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। भ्रमण के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों की टीम ने पैशन फ्रूट की खेती का निरीक्षण किया तथा इसके उत्पादन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। महिला किसान स्वाती नामदेव द्वारा किए गए इस नवाचार से जिले के अन्य किसानों को भी नई फसलों की खेती अपनाने तथा कृषि में विविधीकरण के लिए प्रेरणा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780636 Articles

Share this story