इंदौरः टीसीएस कर्मचारी की मौत पर 3.50 करोड़ से ज्यादा मुआवजा, बीमा कंपनी को देना होगी राशि
इंदौर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले टीसीएस कर्मचारी के परिवार को जिला न्यायालय ने बड़ी राहत दी है। न्यायालय ने बुधवार को अपने निर्णय में मृतक के परिजनों को तीन करोड़ 20 लाख रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है। इसके साथ 10 जनवरी 2025 से 6 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा। ब्याज सहित मुआवजे की रकम 3.50 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।
मामले के अनुसार, टीसीएस में कार्यरत इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र निवासी शक्तिसिंह 29 दिसंबर 2024 को दो दोस्तों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एमराल्ड स्कूल के पास तेज रफ्तार बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल शक्तिसिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद शक्तिसिंह की पत्नी और अन्य परिजनों ने अधिवक्ता राजेश खंडेलवाल के माध्यम से बीमा कंपनी के खिलाफ मुआवजे का दावा पेश किया। सुनवाई के दौरान परिजनों ने कोर्ट को बताया कि शक्तिसिंह का टीसीएस में सालाना वेतन पैकेज 30 लाख रुपये था। भविष्य में उनकी आय बढ़ने की संभावना भी थी। इसके प्रमाण के रूप में कंपनी की ओर से जारी फॉर्म-16 प्रस्तुत किया गया।
बीमा कंपनी ने मुआवजे के दावे का विरोध करते हुए कहा कि बस चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। बस का फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट भी उपलब्ध नहीं था। कंपनी ने मृतक के आयकर रिटर्न प्रस्तुत नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया। हालांकि, न्यायालय ने इन दलीलों को मुआवजे का दावा खारिज करने का आधार नहीं माना।
वेतन के भत्तों को भी माना आय का हिस्सा
मुआवजे की गणना करते हुए कोर्ट ने कहा कि कर्मचारी के वेतन में महंगाई भत्ता और गृह भत्ता जैसे घटकों को भी शामिल किया जाना चाहिए। इन भत्तों का लाभ केवल कर्मचारी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार की आर्थिक जरूरतों से भी जुड़ा होता है। इसी आधार पर न्यायालय ने 3.20 करोड़ रुपए क्षतिपूर्ति और 10 जनवरी 2025 से 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया है। इस तरह ब्याज सहित बीमा कंपनी को 3.50 करोड़ रुपए से अधिक की राशि मृतक के परिवार को देनी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

