इंदौरः माय यूथ-माय प्राइड कॉनक्लेव में युवाओं ने सशक्त और समृद्ध मध्य प्रदेश निर्माण का संकल्प लिया

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः माय यूथ-माय प्राइड कॉनक्लेव में युवाओं ने सशक्त और समृद्ध मध्य प्रदेश निर्माण का संकल्प लिया


- कला, संस्कृति, पर्यटन और सामुदायिक नेतृत्व के क्षेत्र में विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन, युवाओं ने दिए उपयोगी सुझाव

इंदौर, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित माय यूथ-माय प्राइड कॉनक्लेव में आए युवाओं ने शनिवार को सशक्त और समृद्ध मध्य प्रदेश के निर्माण का संकल्प लिया। इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस युवा सम्मेलन में जनअभियान, संस्कृति, कला, पर्यटन, युवा संकल्प निर्माण और सामुदायिक नेतृत्व के क्षेत्र में कार्यरत विशेषज्ञों ने युवाओं को उपयोगी मार्गदर्शन दिया।

चर्चा के दौरान पर्यटन, संस्कृति, कला, जन अभियान तथा संकल्प निर्माण के क्षेत्र में अपने भविष्य निर्माण के लिए प्रयासरत युवाओं ने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संचालक डॉ. वीरेंद्र कुमार व्यास, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े फ्लॉविंग्स ग्रुप के शांतनु त्रिवेदी, शासकीय संगीत महाविद्यालय इंदौर के प्राचार्य डॉक्टर प्रकाश कडोतिया, जन अभियान परिषद इंदौर संभाग के समन्वयक अमित शाह तथा उज्जैन संभाग के समन्वयक शिव प्रसाद मालवीय ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संचालक डॉ. वीरेंद्र कुमार व्यास ने कहा कि सफल व्यक्ति कोई अलग काम नहीं करता, बल्कि वह अलग तरह से अपना काम करता है। इसलिए वह सफल होता है। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद युवाओं को संगठित कर समाज के लिए कार्य करना सिखाता है।

इस अवसर पर ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ यूनिट के अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादोन ने पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं का भविष्य विषय पर उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के बाद पर्यटन वह क्षेत्र है, जिसमें कि सबसे अधिक युवाओं को रोजगार दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में पर्यटन के क्षेत्र में स्नातक एवं स्नातकोत्तर तथा एमबीए टूरिज्म का कोर्स उपलब्ध है।

एमएलबी कॉलेज इंदौर के प्रोफेसर डॉ. सुधीर ने ललित कला के क्षेत्र में युवाओं का भविष्य विषय पर विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ललित कला के क्षेत्र में रोजगार की शत प्रतिशत गारंटी है। युवा अपनी रुचि अनुसार चित्रकला, मूर्ति कला, संगीत, नृत्य कला में केरियर चुनकर अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं।

कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के इंदौर के संभागीय समन्वयक अमित शाह ने कहा कि जन अभियान परिषद समाज और सरकार के बीच सेतु के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं और स्वैच्छिक संगठनों के साथ युवा समाज सेवा के क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जन अभियान परिषद युवाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक कुरीतियों को तोड़ने का कार्य भी कर रही है।

उज्जैन संभाग के समन्वयक शिव प्रसाद मालवीय ने युवाओं को प्रेरित किया कि वे पहले संकल्प निर्माण करें, कि उन्हें किस क्षेत्र में अपना भविष्य निर्माण कर है। उसके बाद प्रयास करें तो सफलता निश्चित ही मिलेगी। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे नौकरी करने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story