इंदौरः जिले में 10 अप्रैल से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी, कलेक्टर ने किया केन्द्रों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः जिले में 10 अप्रैल से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी, कलेक्टर ने किया केन्द्रों का निरीक्षण


इंदौर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में खरीदी का कार्य 10 अप्रैल से प्रारंभ होगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार जिले के मानपुर में स्थित खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खरीदी केन्द्रों पर उपलब्ध सभी सुविधाओं को भी देखा।

कलेक्टर वर्मा ने मानपुर क्षेत्र के खरीदी केन्द्र बहुउद्देशीय सेवा सहकारी संस्था बाबा महाकाल वेयर हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, जिससे कि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान एसडीएम राकेश परमार और तहसीलदार विवेक सोनी भी मौजूद थे।

जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारु ने बताया कि जिले में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसमें अब तक 1142 किसानों द्वारा स्लॉट बुक कराया जा चुका है। जिले में 10 अप्रैल 2026 से 90 उपार्जन केंद्रों पर गेहूं खरीदी प्रारंभ होगी, जो 05 मई 2026 तक जारी रहेगी। इस अवधि में पंजीकृत किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाएगी।

किसान अपनी सुविधा अनुसार नजदीकी उपार्जन केंद्र का चयन कर स्लॉट बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए किसान एमपी ऑनलाइन, सीएससी केंद्र अथवा स्वयं घर बैठे आधिकारिक पोर्टल www.mpeuparjan.nic.inपर जाकर अपनी उपज बेचने की तिथि और केंद्र का चयन कर सकते हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित स्लॉट दिवस पर संबंधित उपार्जन केंद्र पर पहुंचकर अपनी फसल का विक्रय करें, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story