इंदौरः जिले में अच्छे कार्य करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन, कमजोर प्रदर्शन करने वालों पर होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः जिले में अच्छे कार्य करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन, कमजोर प्रदर्शन करने वालों पर होगी कार्रवाई


इंदौर, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में अच्छे कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा और कमजोर प्रदर्शन करने वालों पर कार्यवाई होगी। यह जानकारी सोमवार को इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने समय-सीमा के पत्रों के निराकरण तथा विभिन्न प्राथमिकता वाले विषयों की समीक्षा बैठक में दी।

बैठक में विशेष रूप से राजस्व अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि जिले में 28 फरवरी तक लंबित सभी प्रकरणों का निराकरण 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से किया जाए। बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, अपर कलेक्टर निशा डामोर, अपर आयुक्त नगर निगम आकाश सिंह तथा एनएन पाण्ड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर वर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार आमजन को समय पर योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण करने के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन, संकल्प से समाधान अभियान एवं अन्य विशेष अभियानों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंदौर जिले की सीएम हेल्पलाइन में परफॉर्मेंस लगातार बेहतर हुई है, जिसे और अधिक सुधारने के प्रयास किए जाएं।

बैठक में चल रहे विशेष राजस्व अभियान की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि यह अभियान 13 मार्च से प्रारंभ हुआ है। इस अभियान के तहत 31 मार्च तक विगत 28 फरवरी तक लंबित बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण एवं कब्जा विवाद जैसे प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर वर्मा ने लंबित प्रकरणों को अभियान अवधि में ही निराकृत करने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली के खंभों एवं डीपी पर लगे अनावश्यक तारों और जाल को तत्काल हटाया जाए। साथ ही सभी डीपी एवं तारों की जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया, क्योंकि वर्तमान में फसल कटाई के दौरान आग लगने की आशंका बनी रहती है।

खाद्य सुरक्षा के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार निरंतर सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डेयरी एवं दूध विक्रेताओं के यहां विशेष अभियान चलाकर सैंपल लिए जा रहे हैं। इनकी जांच के बाद गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य अभियानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि अच्छे कार्य करने वालों को प्रोत्साहन एवं कमजोर प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई दोनों सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा इंदौर जिले से संबंधित विकासात्मक गतिविधियों और आधारभूत जानकारियों पर आधारित विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया।

बैठक में जिले में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा भी की गई। निर्देश दिए गए कि जल संरक्षण और संवर्धन अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story