इंदौरः राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी
- कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक, तहसीलदार को शोकाज नोटिस, रीडर निलंबित
इंदौर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा ने शनिवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक में जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की अधिकारीवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रखे जाएं।
बैठक में अविवादित एवं विवादित नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि अविवादित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए और विवादित प्रकरणों में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध रूप से निर्णय लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रकरणों के निराकरण में गति लाई जाए।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने मल्हारगंज क्षेत्र के तहसीलदार के रीडर रश्मि सोलंकी को निलंबित किया है। इसी प्रकार सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने पर हातोद के तहसीलदार गोविंद सिंह ठाकुर को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के तहत दर्ज आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निराकरण में केवल औपचारिकता न हो, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए। अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित रखने अथवा गलत निराकरण दर्ज करने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कलेक्टर वर्मा ने अभिलेख दुरुस्ती के कार्य को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों में किसी भी प्रकार की त्रुटि को नियमानुसार दुरुस्त किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। शासकीय भूमि तथा अन्य राजस्व प्रकरण, जो न्यायालयों में विचाराधीन हैं, उनकी भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में शासन का पक्ष समय पर और मजबूती से रखा जाए। संबंधित अधिकारी न्यायालयीन प्रकरणों में जवाब प्रस्तुत करने तथा शासन का पक्ष रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें। उन्होंने कहा कि शासन के पक्ष को समय पर प्रस्तुत नहीं करने अथवा न्यायालयीन प्रकरणों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार को जिला निर्वाचन कार्यालय में कार्य करने के आदेश
कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रशासनिक कार्य सुविधा की दृष्टि से तहसीलदार गोविंद सिंह ठाकुर को आगामी आदेश तक जिला निर्वाचन कार्यालय में कार्य करने हेतु आदेशित किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा की
कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को जिले के समस्त नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की समस्त नगर परिषदों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा संबंधित क्षेत्रों के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपस्थित थे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री स्व निधि योजना, अमृत मिशन 2.0, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना तथा अन्य निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। साथ ही शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

