इंदौरः कांवड़ यात्रियों के लिए बनाए विशेष पड़ाव स्थल, भोजन, चाय-नाश्ता सहित सभी आवश्यक इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः कांवड़ यात्रियों के लिए बनाए विशेष पड़ाव स्थल, भोजन, चाय-नाश्ता सहित सभी आवश्यक इंतजाम


इंदौर, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। शहर के खंडवा रोड स्थित बाईग्राम में कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष पड़ाव स्थल विकसित किया जा रहा है, जहां उनके ठहरने, चाय-नाश्ता, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी तरह की व्यवस्था इंदौर जिले के उज्जैन रोड़ के सांवेर के ग्राम राजोदा में भी की जा रही है।

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित पड़ाव स्थल बाईग्राम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और कांवड़ यात्रियों को पूरी यात्रा के दौरान किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर एसडीएम राकेश परमार तथा तहसीलदार विवेक सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि पड़ाव स्थल पर पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विश्राम की व्यवस्था, प्रकाश, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता तथा सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा आवश्यकतानुसार सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम और श्रद्धापूर्ण वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंदौर जिले से होकर गुजरने वाले संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां कहीं भी सड़कों की मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्य कराए जाएं, ताकि कांवड़ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रभावी यातायात प्रबंधन किया जाए तथा ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी रहे कि श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्बाध और सुरक्षित बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story