इंदौरः स्मार्ट मीटरों ने सटिक गणना कर दिन में बिजली खपत पर एक माह में दिलाई 13 करोड़ की छूट

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः स्मार्ट मीटरों ने सटिक गणना कर दिन में बिजली खपत पर एक माह में दिलाई 13 करोड़ की छूट


इंदौरः स्मार्ट मीटरों ने सटिक गणना कर दिन में बिजली खपत पर एक माह में दिलाई 13 करोड़ की छूट


इंदौर, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में स्मार्ट मीटर के माध्यम से त्रुटिरहित बिल, ऊर्जस एप पर मीटर डाटा लाइव, पावर फैक्टर छूट व अन्य सुविधाएं दी जा रही है। साथ ही दिन में सुबह 9 से शाम 5 तक की अवधि में बिजली खपत पर ऊर्जा प्रभार में बीस प्रतिशत टीओडी छूट भी बड़े स्तर पर प्रदान की जा रही है। फरवरी के बिल माह में 13 लाख उपभोक्ताओं को 13 करोड़ रुपये से ज्यादा की टीओडी छूट प्रदान की गई है।

मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि टाईम ऑफ द डे यानि टीओडी छूट दिन में सौर ऊर्जा अवधि में अधिकतम बिजली खपत कर जरूरी कार्य करने के लिए शासन आदेश पर प्रदान की जा रही है। पिछले एक माह के दौरान इंदौर शहर के 5.64 लाख उपभोक्ताओं को 6 करोड़ से ज्यादा की छूट दी गई है। इसी तरह उज्जैन जिले के 1.19 लाख उपभोक्ताओं को सवा करोड़ की छूट दी गई है। रतलाम जिले के 1 लाख सात हजार उपभोक्ताओं को 97 लाख रुपये से ज्यादा की टीओडी छूट मिली।

उन्होंने बताया कि देवास जिले में 71 हजार उपभोक्ताओं को, खंडवा जिले के 59 हजार उपभोक्ताओं को, इंदौर ग्रामीण क्षेत्र के 57 हजार उपभोक्ताओं को, बुरहानपुर जिले के 55800 उपभोक्ताओं को टीओडी छूट दी गई है। अन्य जिलों के 15 हजार से लेकर 48 हजार उपभोक्ताओं को रियायत दी गई है। इस तरह स्मार्ट मीटर लगाने वाले औसतन प्रत्येक उपभोक्ता को प्रतिमाह सौ रुपये का फायदा हो रहा है।

प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर एक दिन में किस समय से किस समय तक कितनी खपत हो रही है, इसकी भी विशेष गणना करने में सक्षम है, इसी कारण प्रतिमाह मालवा निमाड़ के लाखों उपभोक्ताओं को करोड़ों रुपये की सौर ऊर्जा अवधि में खपत की टीओडी छूट प्रदान की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story