इंदौरः जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात सुधार के संबंध में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात सुधार के संबंध में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय


इंदौर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एसपी ग्रामीण यांगचेन भूटिया, डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी, अपर आयुक्त आकाश सिंह, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन, अपर कलेक्टर रोशन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर वर्मा ने बताया कि सड़क सुरक्षा के तहत प्रमुख रूप से पार्किंग स्पेस विकसित करने, प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न को फ्री करने तथा ब्लैक स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित स्थलों) के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में ब्लैक स्पॉट्स की संख्या में कमी आई है, हालांकि कुछ नए स्थान चिन्हित हुए हैं, जिन पर सुधार कार्य जारी है।

कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जनहानि को रोकना है। इसके लिए इंजीनियरिंग सुधारों के साथ-साथ सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। संबंधित विभागों को दिए गए निर्देशों के पालन की नियमित समीक्षा भी की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है, जिससे सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

यातायात व्यवस्था सुधार के लिए शहर के आठ प्रमुख मार्गों को चिन्हित किया गया है, जहां अतिक्रमण और अव्यवस्थित संरचना के कारण जाम की स्थिति बनती थी। इन मार्गों पर अतिक्रमण हटाने, लेफ्ट टर्न व्यवस्थित करने तथा विद्युत खंभों एवं डीपी शिफ्टिंग की कार्रवाई जारी है, जिससे यातायात सुगम बनाया जा सके।

कलेक्टर ने बताया कि सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए अवैध पार्किंग पर चालानी कार्रवाई, वाहनों पर लॉक लगाने जैसी सख्त कार्यवाही की जा रही है। साथ ही शहर में पार्किंग स्पेस बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बेसमेंट पार्किंग वाले भवनों में पार्किंग का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। अन्य उपयोग पाए जाने पर सीलिंग सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि पार्किंग के लिए मार्गों पर मार्किंग भी करायी जा रही है तथा संकेतक भी लगाये जा रहे हैं।

राजवाड़ा क्षेत्र में सिटी बसों के प्रवेश पर रोक के संबंध में कलेक्टर वर्मा ने बताया कि वहां बसों के खड़े होने से यातायात बाधित हो रहा था। इसलिए बसों के रूट में परिवर्तन किया गया है, जिससे ट्रैफिक में सुधार देखने को मिला है। हालांकि यात्रियों को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। बैठक में ई-ऑटो रिक्शा के रूट प्लान पर भी चर्चा की गई।

यातायात के सुगम संचालन के लिए निर्माणाधीन बीजासन मेट्रो स्टेशन एवं बीजासन माता मंदिर के बीच रिक्त भूमि पर एयरपोर्ट टर्मिनल के सामने से केद्रीय विद्यालय के पहले तक सर्विस रोड़ बनाये जाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि बायपास और अन्य प्रमुख मार्गों पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें जिससे यातायात जाम की स्थिति नहीं बने, इसके लिए आवश्यकता के अनुसार मानव संसाधन तथा अन्य संसाधनों की उपलब्धता बढ़ायी जाए।

बैठक में बताया गया कि बायपास एवं अन्य प्रमुख मार्गों जहाँ पर दुर्घटनाएं संभावित रहती है उन क्षेत्रों के चिन्हित रहवासियों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया जाएगा, इससे आवश्यकता पड़ने पर वे पीड़ितों को तुरंत सीपीआर दे सकेंगे। कलेक्टर ने निर्माणाधीन पुल-पुलियाओं और सड़कों के वैकल्पिक मार्गों की मरम्मत के निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story