इंदौरः जनसुनवाई में दिखी संवेदनशीलता, कलेक्टर ने आमजन की समस्याएँ सुनकर किया त्वरित निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः जनसुनवाई में दिखी संवेदनशीलता, कलेक्टर ने आमजन की समस्याएँ सुनकर किया त्वरित निराकरण


इंदौर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई एक बार फिर आमजन के लिए राहत का सशक्त माध्यम बनी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए कई प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया, वहीं शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण उस समय देखने को मिला जब एयरपोर्ट रोड़ क्षेत्र में एक ट्रक हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बालिका संस्कृति वर्मा अपने परिजनों के साथ पहुंची। इस बालिका ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विशेष प्रयासों से उसे नया जीवन मिला है। मैं, उक्त दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मुख्यमंत्री जी ने मेरे इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की और मुझे तत्काल मुम्बई भेजा। मेरे इलाज के दौरान हर समय उन्होंने स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर से बेहतर इलाज कराया। इंदौर आने के पश्चात भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव और इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा लगातार संपर्क में रहें। अब मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूँ। आज मैंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आभार स्वरूप कलेक्टर को पुष्पगुच्छ भेंट किया।

इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में सुहानी दाधीच ने बताया कि आर्थिक अभाव के कारण वह 10वीं की परीक्षा का फॉर्म नहीं भर पा रही थी। जनसुनवाई में आवेदन देने पर उसे तत्काल सहायता प्रदान की गई, जिससे वह परीक्षा में सम्मिलित होकर सफल हुई। खुशी के इस अवसर पर वह मिठाई लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची और आभार जताया। साथ ही कलेक्टर ने उसे प्रोत्साहन स्वरूप सिलाई मशीन भी देने के निर्देश दिए, जिससे वह आत्मनिर्भर बन सके।

एक अन्य मामले में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति अपने उपचार के लिए मिली सहायता के लिए आभार व्यक्त करने कलेक्टर कार्यालय पहुँचा। ज्ञात रहे कि जनसुनवाई में पहुंचने पर कलेक्टर के निर्देशानुसार उसे निःशुल्क चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उसका सफल उपचार संभव हो सका। हितग्राही ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित कियाष इसके अतिरिक्त ब्लड कैंसर से पीड़ित एक बालिका को भी उपचार हेतु आवश्यक सहायता प्रदान की गई, जिससे उसके परिवार ने राहत महसूस करते हुए आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारियों और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story