इंदौर के ग्रामीण हाट में सजेगा सात दिवसीय ‘आदि बाजार’, सोमवार को केन्द्रीय मंत्री उइके करेंगे शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर के ग्रामीण हाट में सजेगा सात दिवसीय ‘आदि बाजार’, सोमवार को केन्द्रीय मंत्री उइके करेंगे शुभारंभ


- 32 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर की जनजातीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प की विविधता

इंदौर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में देश की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपराओं और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने तथा जनजातीय शिल्पकारों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड) द्वारा 23 से 29 नवम्बर 2026 तक सात दिवसीय राज्य स्तरीय ‘आदि बाजार’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ सोमवार, 23 नवम्बर को केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके के मुख्य आतिथ्य में अपराह्न 4 बजे होगा।

जनसम्पर्क अधिकारी पुष्पेन्द्र वास्कले ने रविवार को बताया कि इंदौर के ग्रामीण हाट में आयोजित इस बाजार में लगभग 32 स्टॉलों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय शिल्पकार एवं उद्यमी अपने हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक कलाकृतियों और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगे।

उन्होंने बताया कि आदि बाजार के माध्यम से नागरिकों को देश की विविध जनजातीय कला एवं शिल्प परंपराओं को करीब से जानने और शिल्पकारों से सीधे उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ उनकी कला, कौशल और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना है।

प्रदेश में होंगे आदि बाजार और आदि महोत्सव के श्रृंखलाबद्ध आयोजन

ट्राइफेड द्वारा जारी आयोजन कैलेंडर के अनुसार मध्य प्रदेश में जनजातीय लोक कलाओं एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए श्रृंखलाबद्ध रूप से आदि बाजार और आदि महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष का पहला आयोजन इंदौर में किया जा रहा है। इसके बाद दिसम्बर 2026 में रीवा में आदि बाजार, जनवरी 2027 में भोपाल में आदि महोत्सव, फरवरी 2027 में ग्वालियर में आदि बाजार तथा मार्च 2027 में जबलपुर में आदि बाजार आयोजित किया जाएगा।

इन आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनजातीय शिल्पकारों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय नागरिकों को देश की विविध लोक कलाओं, पारंपरिक शिल्प और जनजातीय जीवनशैली से परिचित होने का अवसर भी प्राप्त होगा।

बैतूल और इंदौर में पूर्व आयोजनों को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद, लाखों रुपये के उत्पादों की हुई बिक्री

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, जनजातीय लोक कलाओं और शिल्प परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए ट्राइफेड द्वारा पूर्व में आयोजित आदि बाजार एवं आदि महोत्सव को अच्छा प्रतिसाद मिला है। दिसम्बर 2025 में आदिवासी अंचल बैतूल में आयोजित आदि बाजार में आठ राज्यों के जनजातीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों ने भाग लिया था। इस आयोजन में 3 लाख 12 हजार 809 रुपये के उत्पादों की बिक्री दर्ज की गई थी।

इसी तरह नवम्बर 2022 में इंदौर के ग्रामीण हाट में आयोजित आदि महोत्सव में भी नागरिकों की अच्छी सहभागिता रही थी और 10 लाख रुपये से अधिक के उत्पादों की बिक्री हुई थी। इन आयोजनों से स्पष्ट है कि जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प के प्रति लोगों में रुचि बढ़ रही है। इस बार इंदौर में आयोजित होने वाले आदि बाजार से भी शिल्पकारों को बेहतर बाजार और विपणन के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

ट्राइफेड के इम्पैनल्ड सप्लायर्स में मध्य प्रदेश के कुल 1,635 तथा देशभर के 6,729 लोक कलाकार एवं शिल्पकार जुड़े हुए हैं। यह नेटवर्क जनजातीय उत्पादों को संगठित विपणन व्यवस्था से जोड़ने और शिल्पकारों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आदि बाजार में मध्यप्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, गुवाहाटी, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, अहमदाबाद, महाराष्ट्र और ओडिशा के शिल्पकार अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। बाजार में अम्बाबारी मीनाकारी, ब्लू पॉटरी, तारकशी, डोकरा शिल्प, बिदरी कला, कोकोनट बॉक्स, लौह शिल्प, बांस शिल्प, जनजातीय चित्रकलाएं और पारंपरिक वस्त्र विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।

मध्य प्रदेश की महेश्वरी एवं चंदेरी वस्त्र कला, बाघ प्रिंट की साड़ियां और सूट भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इन वस्त्रों में पारंपरिक हथकरघा बुनाई, प्राकृतिक रंगों और लकड़ी के ब्लॉकों से की जाने वाली छपाई कला की विशिष्टता देखने को मिलेगी। इसके अलावा डोकरा धातु शिल्प की कलात्मक कलाकृतियां, बांस से निर्मित घरेलू एवं सजावटी सामग्री, नारियल के खोल से बने कोकोनट बॉक्स तथा विभिन्न जनजातीय चित्रकलाएं भी आगंतुकों को आकर्षित करेंगी।

बाजार में प्राकृतिक शहद, स्थानीय स्तर पर उत्पादित जैविक सामग्री, हस्तनिर्मित उपहार सामग्री और दैनिक उपयोग की पारंपरिक वस्तुएं भी उपलब्ध रहेंगी। इन उत्पादों के माध्यम से नागरिकों को जनजातीय क्षेत्रों के प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कौशल से तैयार वस्तुओं को जानने एवं खरीदने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story