इंदौरः राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्साह और उमंग के साथ निकली ‘रन फॉर यूनिटी’

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्साह और उमंग के साथ निकली ‘रन फॉर यूनिटी’


- बड़ी संख्या में युवाओं ने लिया हिस्सा

इंदौर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। एकता, अखंडता और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता का संदेश लेकर निकली इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ हुई इस एकता दौड़ का शुभारंभ विधायक महेंद्र हार्डिया एवं अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में शामिल युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। एकता दौड़ नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर जीपीओ, शिवाजी वाटिका, एमपीपीएससी चौराहा, ट्रैफिक पार्क और रेसीडेंसी होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इस मौके पर युवाओं को एकता, अखंडता और सुरक्षा की भावना को मजबूती प्रदान करने के लिये राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए युवाओं और नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था। आयोजन के माध्यम से नागरिकों को एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति और सुरक्षा में सहभागी बनने का संदेश दिया गया। एकता दौड़ में विभिन्न शासकीय अशासकीय शिक्षा संस्थानों के छात्र छात्राये, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस, स्काउट्स, प्रोफेसर, खेल शिक्षक एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

कलेक्टर कार्यालय में भी दिलाई गई शपथ

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर कार्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। यह शपथ संयुक्त कलेक्टर श्रुति अग्रवाल द्वारा दिलाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story