इंदौरः स्कूली बच्चों के अवैध परिवहन पर आरटीओ ने चलाया विशेष अभियान, चार वैन जब्त

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः स्कूली बच्चों के अवैध परिवहन पर आरटीओ ने चलाया विशेष अभियान, चार वैन जब्त


इंदौर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार स्कूली बच्चों के अवैध एवं असुरक्षित परिवहन के विरुद्ध शनिवार को संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ता और आरटीओ इंदौर द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया।

आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ता प्रभारी परिवहन निरीक्षक आकाश सिटोले की टीम ने विभिन्न विद्यालय मार्गों पर मारुति वैन, ऑटो रिक्शा एवं स्कूल बसों की सघन जांच की। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन मारुति ओमनी वैन एवं एक ऑटो रिक्शा को जब्त किया गया। वहीं मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन पर वाहन संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अधिकारियों ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, बिना आवश्यक दस्तावेजों अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना संचालित होने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से सघन जांच अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ता ने समस्त स्कूल वाहन संचालकों से मोटरयान अधिनियम एवं स्कूल वाहन सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story