इंदौरः 100 शासकीय विद्यालयों में लगेंगे आरओ एवं स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः 100 शासकीय विद्यालयों में लगेंगे आरओ एवं स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर


इंदौरः 100 शासकीय विद्यालयों में लगेंगे आरओ एवं स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर


- सांसद लालवानी की पहल, 29 स्कूलों को मिले आरओ सिस्टम

इंदौर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में सांसद शंकर लालवानी की पहल पर अब संसदीय क्षेत्र के 100 शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी। प्राकृतिक गैस मंत्रालय के उपक्रम ओएनजीसी की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि एवं सांसद सेवा संकल्प के सहयोग से लगभग 70 लाख रुपये की लागत से 100 आरओ सिस्टम एवं 100 स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं।

इसकी शुरुआत प्रथम चरण में 29 शासकीय विद्यालयों से की गई। यह जानकारी मंगलवार को इंदौर के शासकीय नवीन मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दी गई। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शिक्षा एवं जनकल्याण के विजन के अनुरूप विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। इसी सोच के साथ शासकीय विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की यह व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी होती थी। अब आरओ एवं स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर स्थापित होने से हजारों विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध होगा। सभी मशीनों पर तीन वर्ष की वारंटी रहेगी। साथ ही समय-समय पर सर्विसिंग, आरओ की सफाई एवं फिल्टर बदलने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

सांसद लालवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत, विशेषकर निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों की शिक्षा एवं सुविधाओं को लेकर निरंतर संवेदनशील हैं। आज प्रदेश के अनेक शासकीय विद्यालय किसी भी निजी विद्यालय से कम नहीं हैं तथा कई विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम भी दिए हैं।

इस दौरान सांसद शंकर लालवानी ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए एक प्रेरक कहानी सुनाई और उन्हें समय के महत्व को समझाते हुए प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि समय सबसे मूल्यवान संपत्ति है। जो विद्यार्थी अनुशासन, परिश्रम और समय का सही उपयोग करते हैं, वही जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 29 विद्यालयों को आरओ युक्त स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर प्रदान किए गए हैं। आगामी चरणों में इंदौर संसदीय क्षेत्र के सभी 100 चयनित शासकीय विद्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने सांसद लालवानी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल प्रत्येक विद्यार्थी का मूल अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह प्रकल्प केवल पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, एकाग्रता, नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी और प्रेरणादायी प्रयास है। शासन, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से शासकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story