इंदौरः संभागायुक्त ने धार जिले में पीएम मित्र पार्क और आधुनिक उद्यानिकी परियोजनाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः संभागायुक्त ने धार जिले में पीएम मित्र पार्क और आधुनिक उद्यानिकी परियोजनाओं का लिया जायजा


इंदौर, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने गुरुवार को धार जिले का दौरा कर प्रदेश की औद्योगिक एवं कृषि विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित किए जा रहे महत्वाकांक्षी पीएम मित्र पार्क का अवलोकन कर वहां चल रहे आधारभूत संरचना विकास कार्यों की समीक्षा की, वहीं बदनावर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में आधुनिक उद्यानिकी एवं संरक्षित खेती के नवाचारों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त ने पीएम मित्र पार्क का निरीक्षण करते हुए एमपीआईडीसी के अधिकारियों से पार्क की प्रगति, निवेश प्रस्तावों, रोजगार सृजन तथा विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आवासीय एवं लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विकास के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि लगभग 2,156 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस पार्क में अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनसे 46 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। परियोजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण में 1,100 एकड़ से अधिक भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा तृतीय चरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होगी। पार्क में कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP), एसटीपी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, प्लग एंड प्ले शेड्स सहित विश्वस्तरीय औद्योगिक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से बेहतर संपर्क के कारण यह पार्क देश के प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट हब के रूप में विकसित हो रहा है, जहां अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए मजबूत टेक्सटाइल इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है।

दौरे के दूसरे चरण में संभागायुक्त ने बदनावर विकासखंड के ग्राम रूपाखेड़ा, नाहरखेड़ा एवं तिलगारा का भ्रमण कर पॉलीहाउस एवं शेडनेट हाउस में की जा रही आधुनिक उद्यानिकी खेती का अवलोकन किया। उन्होंने गुलाब, जरबेरा, जिप्सोफिला, लिसिएन्थस, कश्मीरी गुलाब तथा ब्लूबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों का उत्पादन कर रहे प्रगतिशील किसानों की सराहना की और कहा कि आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कृषि को अधिक लाभकारी एवं रोजगारपरक बनाया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 1.86 लाख वर्गमीटर क्षेत्र में पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं, जिनका लाभ 75 से अधिक किसान प्राप्त कर रहे हैं। संभागायुक्त ने पुष्प उत्पादक किसानों के लिए किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के गठन, कोल्ड रूम जैसी भंडारण सुविधाओं के विकास तथा आधुनिक जल प्रबंधन एवं टिशू कल्चर जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को क्षमता संवर्धन के लिए महाराष्ट्र के जलगांव में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। इस दौरान किसानों द्वारा ब्लूबेरी की खेती के लिए अनुदान एवं एनवीडीए पाइपलाइन विस्तार की मांग भी रखी गई, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों को समान रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। पीएम मित्र पार्क जैसे बड़े औद्योगिक निवेश तथा संरक्षित खेती एवं उच्च मूल्य वाली फसलों के विस्तार से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, किसानों की आय बढ़ेगी तथा मध्य प्रदेश औद्योगिक एवं कृषि विकास के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story