इंदौरः जन विश्वास शिविर में हुआ जनता की समस्याओं का हाथों-हाथ समाधान
- मंत्री, महापौर, विधायक और अधिकारियों ने जनता के बीच पहुंचकर किया सीधा संवाद
इंदौर, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शनिवार को विधानसभा क्षेत्र इंदौर- 5 के झोन क्रमांक 18 में जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जनता की समस्याओं का हाथों-हाथ समाधान किया गया।
यह शिविर मुसाखेड़ी स्थित झोनल कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। शिविर में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक इंदौर 5 के सभी वार्डो से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अनेक मामलों में मौके पर ही समाधान की कार्रवाई की।
शिविर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेन्द्र हार्डिया, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, एमआईसी मेम्बर राजेश उदावत तथा नंदु पहाड़िया सहित जिला प्रशासन, नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं, विकास कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं की मैदानी स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण
अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में स्थित विभिन्न शासकीय एवं जनसेवा संस्थाओं का निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, शासकीय हिंदी प्राथमिक विद्यालय, संदीपनी विद्यालय, लोकमान्य तिलक सहकारी उपभोक्ता भंडार, शासकीय प्राथमिक विद्यालय, आरोग्य अस्पताल, प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं, सेवाओं की गुणवत्ता तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का सुगम लाभ सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उद्यमियों ने साझा किए अपने अनुभव
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान उद्यम सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। सम्मेलन में रारो कॉरपोरेशन के उद्यमी आशुतोष सोनगरिया एवं राघव मेटल्स के कल्पेश पटेल ने अपने अनुभव साझा करते हुए शासन की योजनाओं से मिले सहयोग एवं लाभों की जानकारी दी। इसी प्रकार पीएम स्वनिधि योजना के लाभान्वित शिवम ओझा एवं अजय शर्मा ने भी योजना से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
जनसंवाद के माध्यम से सुनी नागरिकों की समस्याएं
शिविर के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही हाथों-हाथ समाधान किया। जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं था, उनके निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। नागरिकों को आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं। शिविर में आयुष पद्धति के माध्यम से भी नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

