इंदौरः स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, कलेक्टर ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, कलेक्टर ने लिया जायजा


इंदौरः स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, कलेक्टर ने लिया जायजा


इंदौर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्ण उत्साह एवं गरिमा के साथ मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम महेश गार्ड लाइन स्थित आरएपीटीसी ग्राउण्ड पर होगा, समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और परेड की सलामी ली जायेगी। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने गुरुवार को समारोह स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह तथा मयंक अवस्थी, अपर कलेक्टर रोशन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने समारोह के सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की और उन्हें विभिन्न दायित्व भी सौंपे।

इस अवसर पर समारोह की तैयारियों का पूर्वाभ्यास किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान पूर्ण गणवेश में विभिन्न प्लाटूनों ने परेड की। बताया गया कि इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों के 20 दल परेड में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें सीमा सुरक्षा बल, आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी, 15वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल(पुरूष), जिला पुलिस बल (महिला), होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी बॉयज, एनसीसी गर्ल्स, एनसीसी एयर विंग, स्काउट, गाईड, रेडक्रॉस, आरआई ग्रुप, एसपीसी गर्ल्स, सृजन दल, शौर्या दल प्रमुख रूप से रहेंगे। समारोह में बीएसएफ और प्रथम वाहिनी का बैंड भी आकर्षण का केन्द्र रहेगा। परेड का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त यश बिजोरिया करेंगे। उनका अनुकरण टूआईसी सूबेदार चन्द्रेश मरावी द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर इंदौर, शासकीय मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और मॉर्डन इंटरनेशनल स्कूल इंदौर के विद्यार्थी देश भक्ति तथा लोकगीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ देंगे। समारोह में वर्ष भर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story