मप्र के इंदौर सांसद शंकर लालवानी राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के सदस्य मनोनीत
इंदौर, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर सांसद शंकर लालवानी को राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया गया है। सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 के अंतर्गत गठित यह केंद्र सरकार का एक महत्वपूर्ण वैधानिक बोर्ड है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा उपाध्यक्ष भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार सचिव करते हैं।
राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड देश के करोड़ों असंगठित श्रमिकों, गिग एवं प्लेटफ़ॉर्म कर्मियों तथा स्वरोजगार से जुड़े नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा, श्रमिक कल्याण एवं अन्य नीतिगत विषयों पर केंद्र सरकार को महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान करता है। देश की कार्यशील आबादी का बड़ा हिस्सा असंगठित क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण यह बोर्ड नीति निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि शंकर लालवानी का इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय बोर्ड में सदस्य मनोनयित किया गया है। इससे प्रदेश के लाखों असंगठित श्रमिकों, छोटे व्यापारियों, स्ट्रीट वेंडर्स, ऑटो एवं टैक्सी चालकों, निर्माण श्रमिकों, घरेलू कामगारों, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स तथा ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं से जुड़े कर्मियों के हितों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी आवाज़ मिलेगी।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मिलेगी नई दिशा
राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड समय-समय पर पेंशन, जीवन एवं दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा, मातृत्व लाभ, श्रमिक पंजीकरण, कौशल विकास, बच्चों की शिक्षा तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए केंद्र सरकार को अनुशंसाएँ देता है। इन सुझावों के आधार पर श्रमिक हितों से जुड़ी योजनाओं का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण किया जाता है। डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ ऑनलाइन डिलीवरी, कैब सेवा, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स तथा ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े कर्मियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उनके सामाजिक सुरक्षा अधिकारों, बीमा, पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में यह बोर्ड महत्वपूर्ण नीतिगत भूमिका निभाता है।
इंदौर के उद्योग, व्यापार और श्रमिक संगठनों को मिलेगा लाभ
इंदौर देश का प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र है। राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड में प्रतिनिधित्व मिलने से उद्योग, व्यापार, श्रमिक संगठन तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाएँ अपने सुझाव और समस्याएँ प्रभावी रूप से केंद्र सरकार तक पहुँचा सकेंगी। इससे स्थानीय आवश्यकताओं को राष्ट्रीय नीतियों में उचित स्थान मिलने की संभावना और मजबूत होगी।
सांसद लालवानी ने जताया आभार
सांसद शंकर लालवानी ने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडविया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे इंदौर एवं मध्य प्रदेश के असंगठित श्रमिकों, छोटे व्यापारियों, स्वरोजगार से जुड़े नागरिकों तथा गिग एवं प्लेटफ़ॉर्म कर्मियों के हितों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह दायित्व श्रमिक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लक्ष्य को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

