इंदौरः मंत्री सिलावट ने 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अस्पताल एवं कॉलेज भवन का किया अवलोकन
- 25 गांवों के 50 हजार लोगों को मिलेगी स्वास्थ्य एवं उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा
इंदौर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को इंदौर के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कम्पेल-पिवडाय में लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं शासकीय कम्पेल कॉलेज भवन के प्रस्तावित निर्माण स्थल का अवलोकन किया।
उन्होंने दोनों परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क तथा किसानों के हित से जुड़े विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नागरिकों को शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कम्पेल-पिवडाय में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण किया जा रहा है। इस अस्पताल के प्रारंभ होने के बाद क्षेत्र के 25 से अधिक गांवों के लगभग 50 हजार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। अस्पताल में प्रसूति सेवाएं, 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, भर्ती मरीजों के उपचार की व्यवस्था सहित आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट ने गृह निर्माण मंडल एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में एसटीपी प्लांट, ऑक्सीजन पाइपलाइन, सोलर पैनल, सुचारु विद्युत व्यवस्था, लिफ्ट, आधुनिक फर्नीचर, वातानुकूलित कक्ष तथा हरित वातावरण के लिए उद्यान विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण ऐसा हो, जिससे ग्रामीणों को लंबे समय तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
इसके पश्चात मंत्री सिलावट ने लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले शासकीय कम्पेल कॉलेज भवन के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित निर्माण कार्यों की समीक्षा की तथा बताया कि आगामी दिनों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार द्वारा कॉलेज भवन का भूमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री सिलावट ने कहा कि कॉलेज भवन का निर्माण आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने कॉलेज परिसर में खेल मैदान, आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, स्टाफ क्वार्टर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति नहीं होने पर उन्होंने ठेकेदार के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल और कॉलेज भवन के निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन आएगा। इन दोनों परियोजनाओं से हजारों ग्रामीणों को सीधे लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

