इंदौरः मंत्री सिलावट ने वार्ड-19 में 20 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मंत्री सिलावट ने वार्ड-19 में 20 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन


इंदौर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंगलवार को इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के नगरीय निकाय वार्ड क्रमांक-19 में लगभग 20 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वार्ड-19 को आने वाले वर्षों में सर्वसुविधायुक्त आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जाएगा।

सिलावट ने बताया कि बीते 6 वर्षों में नगर पालिका निगम द्वारा वार्ड-19 में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड, सड़क, बिजली, पेयजल, पुलिया, ड्रेनेज, नाली, स्ट्रॉर्म वाटर लाइन, आंगनवाड़ी, सामुदायिक भवन एवं मुक्तिधाम जैसे विभिन्न आधारभूत विकास कार्य किए गए हैं। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक-18, 35-36 एवं 76 में भी लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक विकास कार्य संपन्न हुए हैं, जिनमें सड़क, ओवरब्रिज, फ्लायओवर, सीवरेज, जल संरचनाएं, संजीवनी क्लीनिक, स्कूल भवन एवं उद्यान विकास शामिल हैं।

मंत्री सिलावट ने कहा कि भंवरासला-अरविंदो क्षेत्र के समीप लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की सुंदरता एवं पर्यावरणीय संतुलन में सुधार होगा। साथ ही क्षेत्र में आधुनिक बस स्टैंड, ओवरब्रिज एवं फ्लायओवर जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा चुकी हैं, जिनका लाभ नागरिकों को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इंदौर में 1356 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल लाइन एवं टंकियों का भूमिपूजन किया गया है, जिससे क्षेत्र की जल आपूर्ति व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। आज के कार्यक्रम में भी लगभग 20 करोड़ रुपये लागत के 9 विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है।

मंत्री सिलावट ने बताया कि फरवरी 2025 में भी यहां लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि कुमेड़ी क्षेत्र में गत माह प्राप्त गंदे पानी की शिकायत का त्वरित निराकरण कराया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि अमृत 2.0 योजना के तहत 305 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ड्रेनेज लाइन का कार्य प्रगति पर है, जिससे वार्ड-19 सहित आसपास के क्षेत्रों के रहवासियों को व्यापक लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, एमआईसी सदस्य राजेन्द्र राठौर, पार्षद संध्या जायसवाल, विपिन जागीरदार सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story