इंदौरः आरटीओ की बड़ी कार्रवाई, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 स्कूली वाहन जब्त
इंदौर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आरटीओ द्वारा शुक्रवार को स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छोटा बांगड़दा क्षेत्र स्थित स्कूलों के वाहनों की सघन एवं आकस्मिक जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन स्कूल बसें, तीन ट्रेवलर एवं चार मैजिक वाहन सहित कुल 10 वाहनों को जब्त किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि जांच अभियान के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। साथ ही वाहनों का भौतिक निरीक्षण कर यह भी देखा गया कि वे फिटनेस एवं परमिट की शर्तों का पालन कर रहे हैं या नहीं। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी उपकरण, स्पीड गवर्नर तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। आरटीओ अधिकारियों ने स्कूली बच्चों एवं उनके अभिभावकों से भी फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान वाहन चालकों द्वारा तेज गति से वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करने तथा अन्य सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जानकारी ली गई।
जांच में पाया गया कि कई वाहन स्कूली बच्चों की सुरक्षा से संबंधित उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर रहे थे। इसके अलावा तीन वाहनों के परमिट एवं फिटनेस प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त हो चुकी थी। मौके पर ही कार्रवाई करते हुए संबंधित 3 बसें, 3 ट्रेवलर और 4 मैजिक वाहनों को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में आरटीओ प्रदीप शर्मा, एआरटीओ अर्चना मिश्रा, आरटीओ कार्यालय का अमला एवं उड़नदस्ता दल शामिल रहा।
आरटीओ प्रदीप शर्मा ने कहा कि इंदौर जिले के सभी स्कूलों एवं कॉलेजों के वाहनों की आकस्मिक जांच का अभियान निरंतर जारी रहेगा। सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं स्कूल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों का संचालन केवल तब ही करें, जब वे पूर्णतः फिट हों, सभी आवश्यक दस्तावेज वैध हों तथा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

