इंदौरः प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 25 करोड़ रुपये मूल्य की 30 बीघा शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 25 करोड़ रुपये मूल्य की 30 बीघा शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त


इंदौर, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को महू क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।

डॉ. अंबेडकर नगर महू क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राकेश परमार ने बताया कि ग्राम मलेंडी, तहसील महू में राजस्व एवं प्रशासनिक अमले द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान 7.824 हेक्टेयर (लगभग 30 बीघा) शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। उक्त भूमि का बाजार मूल्य लगभग 25 करोड़ रुपये आंका गया है। इस भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे नियमानुसार हटाते हुए भूमि को पुनः शासकीय अभिलेखों के अनुरूप मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान राजस्व, पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन का अमला मौजूद रहा। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार जिले में शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत चिन्हित अतिक्रमणों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। महू के ग्राम मलेंडी में की गई यह कार्रवाई जिले की प्रमुख अतिक्रमण हटाओ कार्रवाइयों में शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story