इंदौरः राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त


इंदौरः राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त


- अवैध कॉलोनी का निर्माण भी ध्वस्त

इंदौर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध कब्जे करने तथा अवैध कालोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को बिचौली हप्सी अनुभाग में प्रभावी एवं बड़ी कार्रवाई की गई। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अजय भूषण शुक्ला, तहसीलदार अनिल पटेल, हल्का पटवारी एवं राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने ग्राम बिहाड़िया में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान ग्राम बिहाड़िया स्थित भूमि सर्वे क्रमांक 264/1, रकबा 6.438 हेक्टेयर में से राजाराम पिता शंकरलाल यादव द्वारा शासकीय भूमि के लगभग एक एकड़ क्षेत्र पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान मौके पर बने टिन शेड को ध्वस्त कर शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।

इसके साथ ही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान के तहत अवैध कॉलोनाइजर अतुल अग्रवाल द्वारा भूमि सर्वे क्रमांक 241/6/1 एवं 241/6/2 पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। यह कॉलोनी भूमि स्वामी श्रवण यादव, लाल सिंह, लक्ष्मीनारायण पुत्र मोहन एवं अन्य की भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अजय भूषण शुक्ला, तहसीलदार अनिल पटेल सहित राजस्व विभाग का अमला उपस्थित रहा।

ग्राम खेमाना एवं चौहानखेड़ी में लगभग 4 करोड रुपए मूल्य की शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

वहीं, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दीपक चौहान के नेतृत्व में ग्राम खेमाना एवं चौहानखेड़ी की कांकड़ स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान अतिक्रमणकर्ता जीवन गोयल द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर लगभग 0.549 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 4 करोड़ रुपये है।

राजस्व अमले की उपस्थिति में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न की गई। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की गई।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान जिले में पूरी गंभीरता के साथ निरंतर जारी रहेगा। शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story