इंदौरः प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ग्राम खजराना में 80 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त
- संयुक्त अभियान में 7 दुकानें, 2 मकान, झोपड़ियां और टीन शेड हटाए गए
इंदौर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को तहसील जूनी इंदौर अंतर्गत ग्राम खजराना स्थित शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की बड़ी कार्रवाई की गई।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घनश्याम धनगर ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम ने नगर निगम इंदौर तथा पुलिस विभाग के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान ग्राम खजराना की शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 435/1/1/1, रकबा 1.200 हेक्टेयर पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए वहां निर्मित 7 दुकानें, 2 मकान, झोपड़ियां एवं अस्थायी टीन शेड को हटाया गया।
तहसीलदार राकेश सस्तिया ने बताया कि इस कार्रवाई से लगभग 80 करोड़ रुपये मूल्य की बहुमूल्य शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई। प्रशासन के अनुसार उक्त भूमि पर भविष्य में अस्पताल का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा तथा जनहित के कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

