इंदौरः जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो फर्मों के परिसर से 34,767 लीटर अतिज्वलनशील सॉल्वेंट जब्त

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो फर्मों के परिसर से 34,767 लीटर अतिज्वलनशील सॉल्वेंट जब्त


इंदौर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में जिला प्रशासन द्वारा जनसुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। सांवेर रोड स्थित सनी पेंट एंड तार एवं एमपीडी इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित परिसर में अधिकृत भंडारण स्थल से भिन्न स्थान पर भारी मात्रा में अतिज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थों का अनधिकृत रूप से भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारु ने बताया कि जांच के दौरान मौके से 32,744 लीटर सॉल्वेंट एमटीओ तथा 2,023 लीटर सॉल्वेंट जाइलीन, कुल 34,767 लीटर अतिज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया। उक्त पदार्थों का बिना वैध लाइसेंस एवं अनुमति के भंडारण, विक्रय एवं उपयोग किया जाना पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत समस्त ज्वलनशील पदार्थ जब्त कर लिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मामले में दोनों फर्मों तथा उनके प्रोपराइटर/पार्टनर्स के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर नियमानुसार कार्रवाई जारी है। अतिज्वलनशील सॉल्वेंट का बिना वैध अनुमति के इतनी बड़ी मात्रा में भंडारण जनसुरक्षा एवं अग्नि-विस्फोट की दृष्टि से गंभीर जोखिम उत्पन्न कर सकता था। अनधिकृत एवं असुरक्षित भंडारण से बड़ी दुर्घटना की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story