इंदौरः एक्सपायर मसाले और अनियमितताएं मिलने पर शिशुकुंज स्कूल झलारिया कैंपस का किचन सील
इंदौर,, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने झलारिया कैंपस बाईपास रोड स्थित शिशुकुंज स्कूल पर छापा मारा। जांच के दौरान किचन में एक्सपायर मसाले और अनियमितताएं मिलने अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए किचन को सील कर दिया। आगे की कार्रवाई के लिए स्कूल के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
दरअसल, इंदौर के झलारिया स्थित इस बोर्डिंग स्कूल में गत शनिवार को लंच के बाद 100 से ज्यादा बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई थी। इसके बाद कुछ परिजन स्कूल पहुंचे। यहां हंगामा किया। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि, इसके घटना से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हो पाई है। शिशुकुंज स्कूल के भोजन से बच्चों का स्वास्थ्य खराब होने की शिकायत कलेक्टर शिवम वर्मा को पालकों से प्राप्त हुई थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर एक संयुक्त जांच दल का गठित किया गया।
जांच दल ने सोमवार को स्कूल के किचन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान किचन में उपयोग की जा रही खाद्य सामग्री जैसे पनीर, आइसक्रीम, 6 प्रकार के मसाले, शरबत, राजमा, तेल, नमकीन, 4 प्रकार की दालें, दूध, तैयार दाल, तैयार कोफ्ते, कोफ्ते की सब्जी, पके हुए चावल, रोटी और पीने के पानी सहित कुल 23 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। इन सभी सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान स्कूल किचन में एक्सपायरी डेट निकल चुके मसालों के 10 पैकेट और नमकीन के 2 पैकेट पाए गए। जिसका प्रकरण तैयार किया गया। संयुक्त दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल के किचन को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया गया है। मामले में नियमानुसार प्रकरण भी तैयार किया गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में एसडीएम दीपक चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी माधव प्रसाद हासानी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी मुख्य रूप से सम्मिलित रहे।
कलेक्टर वर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी स्कूल, हॉस्टल, मेस, कैंटीन अथवा खाद्य प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट, अस्वच्छ परिस्थितियां, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार या अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर अवश्य दें। प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन द्वारा त्वरित जांच और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

