इंदौरः अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार से 1.62 करोड़ की ठगी, पुलिस ने खाते को होल्ड करवाकर वापस दिलाई रकम

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार से 1.62 करोड़ की ठगी, पुलिस ने खाते को होल्ड करवाकर वापस दिलाई रकम


इंदौरः अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार से 1.62 करोड़ की ठगी, पुलिस ने खाते को होल्ड करवाकर वापस दिलाई रकम


इंदौर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में राज्य साइबर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार के साथ हुई 1.62 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को 24 घंटे के भीतर नाकाम कर दिया। ठगी गई पूरी रकम शिकायतकर्ता के बैंक खाते में सुरक्षित रिफंड करा दी गई।

साइबर पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इंदौर निवासी हजेला परिवार की घुड़सवार सितंबर-अक्टूबर 2026 में जापान में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारी कर रही हैं। घोड़ा खरीदने के लिए उनकी डेनमार्क की कंपनी हेल्गस्ट्रैंड ड्रेसेज से डील चल रही थी। इसके तहत उन्होंने 45 प्रतिशत राशि कंपनी के अधिकृत बैंक खाते में भेज भी दी थी। इसी दौरान 29 मई 2026 को ठगों ने कंपनी के डायरेक्टर एंड्रियास हेल्गस्ट्रैंड के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर बैंक खाता बदलने का ईमेल भेज दिया। झांसे में आकर खिलाड़ी ने 1 करोड़ 62 लाख रुपये जेपी मॉर्गन बैंक के स्कैमर खाते में ट्रांसफर कर दिए।

शिकायत मिलते ही एसपी साइबर सव्यसाची सराफ ने टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद स्कैमर का जेपी मॉर्गन बैंक का खाता तत्काल होल्ड कराया गया। साइबर सेल ने अपनी आधिकारिक ईमेल आईडी से जेपी मॉर्गन बैंक प्रबंधन को लीगल नोटिस भेजा। इसके बाद 30 जून 2026 तक पूरी 1.62 करोड़ रुपये की राशि शिकायतकर्ता के खाते में रिफंड करा दी गई।

गौरतलब है कि इससे पहले भी नवंबर-दिसंबर 2025 में भी साइबर सेल ने इसी खिलाड़ी के साथ हुए 3.75 करोड़ रुपये के बिज़नेस ईमेल कॉम्प्रोमाइज़ (बीईसी) फ्रॉड की रकम रिफंड कराई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story