इंदौरः शैक्षणिक संस्थानों के मेस और कैंटीनों का हुआ सघन निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः शैक्षणिक संस्थानों के मेस और कैंटीनों का हुआ सघन निरीक्षण


इंदौरः शैक्षणिक संस्थानों के मेस और कैंटीनों का हुआ सघन निरीक्षण


- गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल एवं अक्रोपोलिस संस्थान के किचन बंद

इंदौर, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिले में संचालित विद्यालयों, छात्रावासों एवं शैक्षणिक संस्थानों के मेस, कैंटीन एवं खाद्य भंडारण स्थलों का खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सतत निरीक्षण किया जा रहा है। विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा बुधवार को विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का परीक्षण किया गया तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल, खंडवा रोड

गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की खाद्य इकाई में वैध खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय कुछ खाद्य सामग्री एक्सपायरी अवस्था में पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि खाद्य निर्माण एवं उपयोग हेतु टैंकर के पानी का उपयोग किया जा रहा था, जबकि पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। आरओ टैंक की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिसे तत्काल साफ करवाने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं पाए जाने पर विद्यालय के किचन को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए तथा आवश्यक सुधार के उपरांत ही पुनः संचालन की अनुमति दिए जाने की बात कही गई।

न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल

निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाई गई तथा पुरानी एवं नई खाद्य सामग्री का एक साथ भंडारण किया जाना पाया गया। संस्थान को खाद्य पदार्थों के पृथक एवं व्यवस्थित भंडारण हेतु निर्देशित किया गया। मौके से तैयार सब्जी, सौंफ, नमकीन एवं कुकीज के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए।

अग्रसेन विद्यालय

अग्रसेन विद्यालय के मेस एवं स्टोरेज क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। मौके से तैयार चावल, राजमा, आटा एवं बेसन के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए।

दिल्ली पब्लिक स्कूल, राऊ

विद्यालय के मेस एवं खाद्य भंडारण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। मौके से पनीर, चावल, गुड़, बेसन, चवला एवं काबुली चना के कुल 06 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

एडवांस एकेडमी

एडवांस एकेडमी के निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। परिसर में पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड एवं खाद्य हैंडलर्स की मेडिकल फिटनेस संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार हेतु निर्देश दिए गए। मौके से मावा, तुअर दाल, चावल, बेसन, आटा, रोटी, आलू-मटर सब्जी, खिचड़ी, कढ़ी, स्प्राउट्स एवं मिर्च पाउडर के कुल 11 नमूने जांच हेतु लिए गए।

अक्रोपोलिस संस्थान

अक्रोपोलिस संस्थान के मेस, किचन एवं खाद्य भंडारण क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं तथा खाद्य पदार्थों के रखरखाव एवं भंडारण में खाद्य सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं पाया गया। संस्थान प्रबंधन को स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण एवं खाद्य हैंडलर्स की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौके से धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, दही, पनीर एवं बेसन के कुल 06 नमूने जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक सुधार एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन तक संस्थान के किचन संचालन को बंद करने के निर्देश दिए गए।

संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालयों, छात्रावासों एवं शैक्षणिक संस्थानों में संचालित मेस एवं कैंटीनों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। जहां भी खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता नियमों अथवा लाइसेंस संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी विद्यालय, छात्रावास, मेस, कैंटीन अथवा अन्य खाद्य प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर दें। प्राप्त शिकायतों पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा त्वरित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story