इंदौरः मानव अधिकारों का संरक्षण प्राथमिकता से करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मानव अधिकारों का संरक्षण प्राथमिकता से करने के दिए निर्देश


- मानव अधिकार आयोग ने की इंदौर में समीक्षा बैठक

इंदौर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह गुरुवार को अल्प प्रवास पर इंदौर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेसीडेंसी कोठी पर इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के साथ लंबित शिकायतों के संबंध में समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने जिला प्रशासन को मानवीय अधिकारों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखने को कहा।

इंदौर कलेक्टर वर्मा ने आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह को शहर के भागीरथपुरा की घटना पर अद्यतन स्थिति पर विस्तार से जानकारी के साथ वर्तमान में नगर निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में पाइपलाइन बदलने आदि के कार्य प्रगति से अवगत कराया। इस पर अध्यक्ष डॉ. सिंह ने निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए ताकि भविष्य में लीकेज या अन्य किसी प्रकार की समस्या न हो और आमजन को बेहतर सुविधा मिल सके, साथ ही कार्यवाही प्रतिवेदन आयोग को भेजा जाए।

इंदौर के आयोग मित्रों के अनुरोध पर अध्यक्ष डॉ. सिंह ने मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के शिकायत प्रकोष्ठ इंदौर कार्यालय के रिनोवेशन (नवीनीकरण) के निर्देश भी दिए, ताकि शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बन सके। इस पर कलेक्टर वर्मा ने पीडब्ल्यूडी के माध्यम से मरम्मत के लिए आश्वस्त किया। डॉ. सिंह ने चर्चा में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी कार्य मानव अधिकारों के हितों को ध्यान में रखते हुए किए जाएं तथा लंबित शिकायतों का शीघ्र और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा के साथ डिप्टी कलेक्टर प्रियंका चौरसिया, आयोग मित्र डॉ. दीपक शर्मा, रवि अत्रेलिया, पराग अग्रवाल (आयोग मित्र) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रारंभ में कलेक्टर वर्मा द्वारा मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह का आत्मीय स्वागत किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story