इंदौरः लवकुश चौराहे पर बन रहे लेवल-2 फ्लाईओवर ब्रिज का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः लवकुश चौराहे पर बन रहे लेवल-2 फ्लाईओवर ब्रिज का कलेक्टर ने किया निरीक्षण


इंदौर, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने तथा आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए लवकुश चौराहे पर निर्माणाधीन लेवल-2 फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा तथा इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा ने निर्माण एजेंसी से अब तक की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। बताया गया कि लगभग 180 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह लेवल-2 फ्लाईओवर ब्रिज आगामी जून माह तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यह फ्लाईओवर सिंहस्थ के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और आवागमन को सुगम बनाएगा।

कलेक्टर वर्मा ने निर्माण कार्य के चलते सर्विस लेन की तत्काल मरम्मत और व्यवस्थित करने के लिये संबंधित एजेंसी को निर्देश दिये, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के साथ-साथ वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story