इंदौरः मंत्री सिलावट ने मांगलिया में निर्माणाधीन इंदौर-देवास रेलवे ओव्हर ब्रिज का निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मंत्री सिलावट ने मांगलिया में निर्माणाधीन इंदौर-देवास रेलवे ओव्हर ब्रिज का निरीक्षण किया


इंदौर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को इंदौर जिले में सांवेर विधानसभा के अंतर्गत मांगलिया में निर्माणाधीन इंदौर-देवास रेलवे समपार (एलसी-45 रेलवे) ओव्हर ब्रिज का निरीक्षण किया।

मंत्री सिलावट ने लोक निर्माण विभाग और रेल विभाग के अधिकारियों से मांगलिया रेलवे ओव्हर ब्रिज की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और रेल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन मांगलिया रेलवे ओव्हर ब्रिज के निर्माण कार्य में तेजी लाए। आवश्यकता अनुसार संसाधनों की संख्या बढ़ाए और मेन पावर बढ़ायें। अच्छी सर्विस लेन बनाए और पैदल चलने वालों के पेशेज बनायें।

उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कहा कि निर्माणाधीन मांगलिया रेलवे ओव्हर ब्रिज का हर 15 दिन में निर्माण कार्यों को देखें और उसकी मॉनिटरिंग करें। पिलर एवं गार्डर के काम जल्दी पूर्ण कर आवागमन को चालू करें। मंत्री श्री सिलावट ने अधिकारियों को कहा कि आगामी 31 दिसम्बर 2026 तक मांगलिया रेलवे ओव्हर ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण करें। यह ब्रिज यातायात की सुगमता की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट ने मांगलिया रेलवे ओव्हर ब्रिज की डिजाइन देखी और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मांगलिया रेलवे ओव्हर ब्रिज को शीघ्र पूरा करने के लिए एक प्रतिनिधिमण्डल रेलवे डीआरएम और केन्द्रीय मंत्री आश्विनी वैष्णव से मिलेगा। रेलवे के इंजीनियर त्यागी, लोक निर्माण विभाग के ब्रिज सेल के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर जे. के. मीणा, एसडीओ मनोज कुमार जैन, सहित मांगलिया सरपंच विजय हिरवे, जिला पंचायत सदस्य माखन पटेल, मण्डल अध्यक्ष रवि वाजपेयी, तहसीलदार विकास रघुवंशी, महेश मंत्री सहित संबंधित अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित थे।

मंत्री सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा के ग्राम मांगलिया में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मांगलिया रेलवे ओव्हर ब्रिज की लंबाई 790 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर है। उक्त रेलवे ओव्हर ब्रिज औंकारेश्वर से महाकालेश्वर उज्जैन का लिंक रोड़ है। जिस पर बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। सिंहस्थ -2028 को दृष्टिगत रखते हुए, यह ब्रिज उपयोगी साबित होगा। करोड़ों यात्री सिंहस्थ महापर्व में आयेंगे, तब यह ब्रिज इंदौर और उज्जैन के लिए त्रिवेणी की भूमिका निभायेंगे। इस रेलवे ब्रिज के समीप ही पेट्रोल-डीजल डीपो, मांगलिया रेलवे स्टेशन, 4 महाविद्यालय सहित 25 से अधिक बड़े कारखाने और 50 से अधिक कॉलोनियां है। ब्रिज के बन जाने से लाखों नागरिकों को फायदा होगा।

मंत्री सिलावट ने कहा कि सिंहस्थ को देखते हुए पालिया, बालोदा, अजनोद, फतेहाबाद-चन्द्रावतीगंज रेलवे स्टेशन को फ्लेग स्टेशन के रूप में विकसित करना है। साथ ही मांगलिया रेलवे स्टेशन को आदर्श रेलवे स्टेशन बनाना है। इसके अलावा सांवेर विधानसभा क्षेत्र में महू व्हाया फतेहाबाद उज्जैन के बीच पूर्व में संचालित मेमू-डेमू रेल का संचालन करना है। उन्होंने कहा कि इंदौर-मांगलिया-बरलाई जागीर को व्हाया देवास से उज्जैन तक मेमू-डेमू रेल का संचालन करना है। साथ ही बरलाई जागीर में कार्गों रेलवे स्टेशन का निर्माण भी करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story