इंदौरः सुरक्षित, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल होली के लिए अभिनव पहल

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः सुरक्षित, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल होली के लिए अभिनव पहल


- आयोजकों एवं शहर के प्रमुख मंडलों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षित, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने का लिया संकल्प

इंदौर, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में इस वर्ष होली पर्व को सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और स्वास्थ्यवर्धक तरीके से मनाने के उद्देश्य से व्यापक पहल की जा रही है।

इसी क्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को होलिका दहन आयोजकों एवं शहर के प्रमुख मंडलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रमुख मंडलों को आमंत्रित किया गया था, जहां सभी ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि इस बार होली सुरक्षित और स्वस्थ तरीके से मनाई जाएगी। इस अवसर पर एडीएम रोशन राय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

बैठक के दौरान कलेक्टर वर्मा ने आयोजकों को प्राकृतिक रंगों से तैयार हर्बल गुलाल से तिलक लगाकर स्वस्थ और सुरक्षित होली का संदेश दिया तथा होलिका दहन के लिए गोबर (गो-कास्ट) से निर्मित सामग्री वितरित की गई। उन्होंने अपील की कि लकड़ी के स्थान पर गोबर से बने उपलों का उपयोग किया जाए और रंग खेलने के लिए हर्बल रंगों को अपनाया जाए।

कलेक्टर वर्मा ने बताया कि जिले में गो-कास्ट उत्पादों की उपलब्धता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ढक्कन वाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार केंद्र पर इन उपलों का निरंतर विक्रय किया जा रहा है। यहां से प्राकृतिक सामग्री से निर्मित गुलाल, रंग और अन्य गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में भी इस तरह का विक्रय केंद्र स्थापित किया गया है। विभिन्न गौशालाओं से इस कार्य के लिए आवश्यक सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे नागरिक आसानी से इनका उपयोग कर सकें। इन केन्द्रों को नागरिकों का बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। इस अभियान में शासन के विभिन्न विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। नगर निगम की टीमें लगातार आरडब्ल्यूएस , सोसाइटी और कॉलोनियों से संपर्क कर रही हैं, जबकि जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। यह पूरी पहल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुरूप जिले में संचालित की जा रही है।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि होली हमारा अत्यंत पवित्र और पावन पर्व है। सभी नागरिक पूरे उत्साह, उमंग और सद्भाव के साथ इस त्योहार को मनाएं। उन्होंने सभी इंदौरवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह रंगों का पर्व सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि और मंगल लेकर आये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story