इंदौरः मंत्री सिलावट आज 35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण एवं भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मंत्री सिलावट आज 35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण एवं भूमिपूजन


- सांवेर मंडल की ग्राम पंचायत बावलियाखेड़ी को मिलेगी 25 से अधिक विकास कार्यों की सौगात

इंदौर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट आज शनिवार को इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बावलियाखेड़ी में लगभग 35 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 25 से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इन कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, आवासीय सुविधा और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ मिलेगा।

मंत्री सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सांवेर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत एवं पूर्ण किए गए हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बावलियाखेड़ी में आज विभिन्न विभागों के 35 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत कुल 14 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित जनपद पंचायत कार्यालय भवन तथा 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित आजीविका भवन शामिल हैं। इसके अलावा 1 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत के अन्य 12 निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा।

मंत्री सिलावट के अनुसार, सड़क निर्माण के अंतर्गत 12 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत के तीन प्रमुख कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा। इनमें लालाखेड़ा-कायस्थखेड़ी (खंडेलवाल वेयरहाउस बायपास) मार्ग तथा नगर परिषद सांवेर के ट्रेंचिंग ग्राउंड से सांवेर तक आंतरिक मार्ग का भूमिपूजन और लालाखेड़ा पहुंच मार्ग का लोकार्पण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत बनेगी।

उन्होंने बताया कि आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत 15 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 50-50 सीटर क्षमता के तीन नवीन छात्रावासों का भूमिपूजन किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में सीसी रोड एवं सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्यों की आधारशिला भी रखी जाएगी। शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग के अंतर्गत 18 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले नवीन स्कूल भवन का भूमिपूजन तथा 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया जाएगा।

मंत्री सिलावट ने बताया कि सांवेर मंडल की 30 ग्राम पंचायतों में पिछले 8 वर्षों के दौरान 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकास कार्यों की श्रृंखला खड़ी की गई है। इनमें प्रमुख रूप से सीसी रोड, नाली व ड्रेनेज निर्माण, सामुदायिक भवन, पुल-पुलिया, पंचायत व आंगनवाड़ी भवन, घाट-बैराज निर्माण, अस्पताल, खेल मैदान, अमृत सरोवर और तालाब सौंदर्गीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। सांवेर मंडल में सड़कों के जाल के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, गार्डन और घाटों का भी समुचित विकास हुआ है। इसके अतिरिक्त यहां जनपद पंचायत कार्यालय और तहसील कार्यालय की स्थापना से प्रतिदिन हजारों नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780695 Articles

Share this story