इंदौरः अवैध वृद्धाश्रम सील, संचालकों के विरुद्ध एफआईआर की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः अवैध वृद्धाश्रम सील, संचालकों के विरुद्ध एफआईआर की कार्रवाई


- वृद्धजनों को मान्यता प्राप्त वृद्ध आश्रम में किया गया स्थानांतरित

इंदौर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मल्हारगंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक वृद्धाश्रम को सील कर दिया है। साथ ही संचालकों पर एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि वृद्धजनों के साथ एक नाबालिग द्वारा मारपीट किए जाने संबंधी प्रसारित समाचार का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर वर्मा ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम मल्हारगंज, सामाजिक न्याय एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त दल को मौके पर भेजा गया। दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वृद्धजनों को मान्यता प्राप्त वृद्धाश्रमों- गणेश आश्रम, निराश्रित सेवाश्रम,आशा निलय में सुरक्षित स्थानांतरित कराया गया। वहीं नाबालिग को आवश्यक संरक्षण एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

प्राथमिक जांच में संबंधित प्रेमाश्रय वृद्ध आश्रम, बाणगंगा का संचालन अवैध रूप से पाया जाने पर प्रशासन द्वारा उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आश्रम की संचालिका के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।संचालिका द्वारा शासकीय भूमि पर निर्मित नगर निगम के भवन में किस आदेश से संचालन किया जा रहा था इसकी जांच भी करवाई जा रही है।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि प्रकरण की सभी पहलुओं से विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वृद्धजनों की सुरक्षा एवं सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story