इंदौरः कम्पैल में इफको एमसी सेंटर और बुरानाखेड़ी में विद्यासागर सुपर मार्ट का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः कम्पैल में इफको एमसी सेंटर और बुरानाखेड़ी में विद्यासागर सुपर मार्ट का शुभारंभ


इंदौरः कम्पैल में इफको एमसी सेंटर और बुरानाखेड़ी में विद्यासागर सुपर मार्ट का शुभारंभ


- किसानों की समृद्धि और खुशहाली अपेक्स बैंक का लक्ष्य : महेन्द्र सिंह यादव

इंदौर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सहकारी संस्थाओं को आत्मनिर्भर एवं बहुउद्देशीय बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश में निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को इंदौर जिले में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी संस्था मर्यादित, कम्पैल में इफको एम.सी. सेंटर का शुभारंभ मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट द्वारा किया गया।

इस पहल से किसानों को कृषि संबंधी आधुनिक उत्पादों एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। इफको एम.सी. सेंटर के माध्यम से किसानों को कृषि उपयोगी उत्पादों तक स्थानीय स्तर पर पहुंच बनाने में सुविधा मिलेगी तथा कृषि क्षेत्र में सहकारी संस्थाओं की भूमिका और अधिक सशक्त होगी।

इसी अवसर पर बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित, बुरानाखेड़ी में अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने श्री विद्यासागर सुपर मार्ट का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि किसानों की आय दुगनी हो एवं गांव-गांव खेत-खेत खुशहाली आए। किसानों की समृद्धि और खुशहाली अपेक्स बैंक का लक्ष्य है। अपेक्स बैंक सहकारिता एवं कृषि विभागों के साथ समन्वय कर इसी दिशा में प्रदेश भर में अभियान पूर्वक नई-नई गतिविधियां एवं योजनाएं क्रियान्वित कर रहा है। आज इंदौर में सुपर मार्ट की शुरुआत सहकारी संस्था की व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

यादव ने कहा कि इंदौर की इन दोनों संस्थानों का शुभारंभ प्रदेश में सहकारिता के बदलते स्वरूप और बहुउद्देशीय सहकारी समितियों की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। अब सहकारी संस्थाएं केवल कृषि ऋण एवं खाद-बीज वितरण तक सीमित न रहकर कृषि सेवाओं, खुदरा व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण विकास में भागीदारी निभाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story