इंदौरः मंत्री सिलावट ने किया दो सड़कों के निर्णाण कार्यों का भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मंत्री सिलावट ने किया दो सड़कों के निर्णाण कार्यों का भूमिपूजन


- विकास कार्यों से सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को मिलेगी गति- मंत्री सिलावट

इंदौर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को इंदौर जिले के ग्राम कांकरिया बोर्डिया में स्थित राजपूत धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में 13.16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नौ किलो मीटर लंबी कांकरिया बोर्डिया से जम्बुडी सरवर, जिन्दाखेडा, पाल कांकरिया सड़क का भूमिपूजन किया। साथ ही करीब दो करोड़ रुपये की लागत से 1.2 किलो मीटर लंबे पहुंच मार्ग का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में मंत्री सिलावट ने कहा कि कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आवागमन को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क निर्माण के इन कार्यों से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री सिलावट ने कहा कि आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों की दृष्टि से यह सड़क परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क निर्माण से जम्बूडी सरवर, जिन्दाखेड़ा, पाल कांकरिया सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों एवं किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीणों का शहर तक आवागमन आसान होगा तथा किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए भी बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।

सिलावट ने कहा कि सांवेर विधानसभा को एक आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करने के लिये सतत प्रयासरत हूं। इस विधानसभा में दो सांदीपनि विद्यालय शुरू होने से विद्यार्थियों को बेहतर से बेहतर शिक्षा मिलेगी। साथ ही उनका सर्वागींण विकास होगा। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 56 हजार से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण के तहत हजारों किसानों को चार गुना से अधिक मुआवजा मिला है। साथ ही अब यहां के अधिकांश गांव में नर्मदा के पानी की आपूर्ति हो रही है।

मंत्री सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति और विकास के पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश का चहुमुखी विकास हो रहा है। कार्यक्रम में मंत्री सिलावट ने स्वामित्व योजना के तहत क्षेत्र के लाखन सिंह, मलखान सिंह, सतीश सहित 6 हितग्राहियों को रजिस्ट्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सांवेर विधानसभा की पंचायतें कांकरिया बोर्डिया, कछालिया, पालकांरिया, खजूरिया, बसान्दा, बालरिया, बालोदा टाकुन, बुढानियापंथ, जिन्दाखेड़ा के सरपंच एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story