इंदौरः गौरवशाली परम्परा के अनुरूप रातभर निकला नयनाभिराम झांकियाँ और अखाड़ों का कारवां

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः गौरवशाली परम्परा के अनुरूप रातभर निकला नयनाभिराम झांकियाँ और अखाड़ों का कारवां


इंदौरः गौरवशाली परम्परा के अनुरूप रातभर निकला नयनाभिराम झांकियाँ और अखाड़ों का कारवां


इंदौरः गौरवशाली परम्परा के अनुरूप रातभर निकला नयनाभिराम झांकियाँ और अखाड़ों का कारवां


इंदौरः गौरवशाली परम्परा के अनुरूप रातभर निकला नयनाभिराम झांकियाँ और अखाड़ों का कारवां


इंदौरः गौरवशाली परम्परा के अनुरूप रातभर निकला नयनाभिराम झांकियाँ और अखाड़ों का कारवां


- राजकुमार मिल की झांकी और अखाड़ों में चंद्रपाल उस्ताद व्यायामशाला एवं श्री बिंदा गुरू व्यायाम शाला को मिला प्रथम स्थान

इंदौर, 26 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार-शनिवार की रात शहर की गौरवशाली परम्परा के रूप में अनन्त चतुर्दशी चल समारोह पूर्ण श्रद्धा, आस्था एवं अपार उत्साह-उमंग और व्यापक जनभागीदारी के साथ सम्पन्न हुआ। नागरिकों ने इस उत्सव के प्रति अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुये शहर की परम्परा को अपार उत्साह और उमंग के साथ आगे बढ़ाया। रातभर जोश और उल्लास के साथ चल समारोह में निकली नयनाभिराम झाँकियों और अखाड़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने हजारों लोगों का मन मोह लिया।

जिला प्रशासन द्वारा गठित झाँकी तथा अखाड़ा निर्णायक समितियों द्वारा पुरस्कार के लिये सर्वसम्मति से श्रेष्ठ झाँकियों और अखाड़ों का चयन किया गया। झांकी में राजकुमार मिल की भगवान विष्णु और असुर मधु कैटभ युद्ध झांकी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसी तरह अखाड़ों में चंद्रपाल उस्ताद व्यायामशाला और श्री बिंदागुरू व्यायामशाला को प्रथम स्थान मिला। इसी तरह महिला वर्ग का प्रथम पुरस्कार श्री रामनाथ गुरू व्यायामशाला को दिया गया।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने चल समारोह सुचारू रूप से सम्पन्न होने पर इंदौर के नागरिकों, व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों, झाँकी आयोजकों और अखाड़ों के सदस्यों तथा मीडियाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप परम्परागत खेलों और सांस्कृतिक तथा धार्मिक उत्सवों को बढ़ावा देने के लिये जिला प्रशासन की ओर से आकर्षक नगद पुरूस्कार देने की घोषणा भी की।

झाँकी निर्णायक समिति द्वारा अनुशंसित निर्णय

- प्रथम पुरस्कार- राजकुमार मिल- (भगवान विष्णु और असुर मधु कैटभ युद्ध)

- द्वितीय पुरस्कार- मालवा मिल- (मछली जल की रानी) और हुकुमचंद मिल- (भगवान गणेश द्वारा सिंदुरासुर राक्षस का वध)

- तृतीय पुरस्कार- कल्याण मिल- (भारतीय नारी की शक्ति, सामर्थ्य और योगदान) और स्वदेशी मिल- (माँ जगदम्बा द्वारा शुभ और निशुंभ नामक राक्षसों का वध)

- विशेष पुरस्कार- होप टेक्सटाइल मिल- (भगवान शिव की बारात)

प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी परम्परा के निर्वहन में दिये जा रहे मिलो के महत्वपूर्ण योगदान के मद्देनजर पुरस्कार चयन में केवल मिलो की झांकियों को ही शामिल किया गया था।

अखाड़ों के पुरस्कार

चल समारोह में अखाड़ों तथा व्यायाम शालाओं के युवाओं द्वारा हैरत अंगेज प्रदर्शन तथा करतब दिखाये गये। शस्त्र कला की विधा को अखाड़ों तथा व्यायामशालाओं के कलाकारों ने इतनी विविधताओं तथा बारीकियों के साथ प्रस्तुत किया कि दर्शक देखते रह गये। निर्णायक समिति ने इस बार दो विधाओं गतका फरी तथा दो हाथ की बनेठी वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार के लिये अखाड़ों का चयन किया। अखाड़ा निर्णायक समिति द्वारा इन प्रस्तुतियों की उत्कृष्टता के आधार पर निम्नानुसार निर्णय अनुशंसित किये गये हैं।

गतका फरी वर्ग

प्रथम - चंन्द्रपाल उस्ताद व्यायामशाला

द्वितीय - ब्रजलाल गुरू व्यायामशाला शंकरगंज

तृतीय - महावीर व्यायामशाला

विशेष - छोगालाल उस्ताद व्यायाम शाला तथा महावर कोली समाज व्यायामशाला महावर नगर

दो हाथ की बनेठी वर्ग

प्रथम - श्री बिंदागुरू व्यायामशाला

द्वितीय - सार्वजनिक रविदास व्यायामशाला

तृतीय - बाबूसिंह उस्ताद व्यायामशाला नादिया नगर

विशेष - स्वर्गीय श्री प्रमोद हार्डिया व्यायामशाला तथा सार्वजनिक अहिरवार समाज चैतन्य व्यायामशाला

महिला वर्ग

प्रथम - श्री रामनाथ गुरू व्यायामशाला

द्वितीय - श्री दास हनुमान व्यायामशाला दास बगीची

तृतीय - पंचमुखी गुरू अखाड़ा हवा बंगला

बालक वर्ग

प्रथम - वीर राजपूत (श्री लोधी पंच व्यायामशाला)

द्वितीय - भूमिक यादव (मार्तण्डराव व्यायामशाला)

तृतीय - शिवांश कलोनिया (गाजी गुरू व्यायामशाला)

विशेष - उदय बोरासी (वीर बजरंग दल व्यायामशाला भागीरथपुरा)

बालिका वर्ग

प्रथम - राशि कुलपारे ( धानुक समाज शस्त्रकला महू नाका)

द्वितीय - परिधि धीमान ( गुरूदास व्यायामशाला जिंसी)

तृतीय - नन्दनी संदीप यादव (सार्वजनिक श्री मस्त बजरंग मंदिर)

जिला प्रशासन द्वारा नगद पुरस्कारों की घोषणा

कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिला प्रशासन की ओर से अखाड़ों की सभी श्रेणियों में नगद पुरस्कारों की घोषणा की है। उन्होंने गतका फरी और दोनों हाथ की बनेठी श्रेणी में प्रत्येक के लिए प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये तथा 10 -10 हजार रुपये के विशेष पुरस्कार देने की घोषणा की है। इसी तरह महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये का दिया जायेगा। बालक तथा बालिका वर्ग के सभी चयनित कलाकारों को दस-दस हजार रुपये के नगद पुरस्कार दिये जायेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story