इंदौरः जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ


- प्रपत्र भरने, नियमों एवं निर्देशों तथा जनगणना की प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी

इंदौर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनगणना के फील्ड कार्य की तैयारियों के तहत जनगणना से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर अजीत श्रीवास्तव तथा संयुक्त संचालक, योजना एवं सांख्यिकी प्रेमचंद परस्ते सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा नियुक्त प्रशिक्षक प्रेमा नायर एवं सूरज दीपक बड़गे द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना के विभिन्न प्रपत्रों को सही तरीके से भरने, निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पालन करने तथा जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। इसके माध्यम से कर्मियों को जनसंख्या गणना के दौरान अपनाई जाने वाली निर्धारित कार्यप्रणाली, सूचनाओं के संकलन और अभिलेखन के संबंध में प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि आगामी फील्ड कार्य व्यवस्थित, त्रुटिरहित एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो सकें।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज 12 अक्टूबर एवं 13 अक्टूबर को जिला मुख्यालय, ग्रामीण, नगरीय एवं छावनी बोर्ड चार्ज से संबंधित जनगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, 14 एवं 15 अक्टूबर को नगर निगम इंदौर के जनगणना कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से शाम 6:15 बजे तक प्रशासनिक संकुल इंदौर के सभागार कक्ष क्रमांक-210 में आयोजित किया जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथियों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759730 Articles

Share this story