इंदौरः दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 9 प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण, 18 नमूने संग्रहित

WhatsApp Channel Join Now

इंदौर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में दीपावली पर्व के दृष्टिगत आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 9 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 18 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

निरीक्षण के दौरान खराब क्रीम के 2 टीन मौके पर नष्ट कराए गए। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा वैध खाद्य पंजीयन एवं अनुज्ञप्ति के अंतर्गत कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन में तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए

बालाजी दूध डेयरी एंड स्वीट्स, प्रिंस नगर: प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर विनीत जाट उपस्थित पाए गए। यहां मिठाइयों एवं मावा आदि का निर्माण किया जाना पाया गया। प्रतिष्ठान से मावा एवं मिल्क केक के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

अजंता स्वीट्स एवं नमकीन, सिरपुर, गोपाल नगर, धार रोड: प्रतिष्ठान के प्रभारी कैलाश त्रिवेदी की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया। संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। यहां से मिल्क केक का 1 नमूना संग्रहित किया गया, जिसे जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मुसाखेड़ी क्षेत्र की डेयरियों एवं मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

क्षेत्र में स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। महेश दूध डेयरी एवं मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन, मावा एवं पनीर के 3 नमूने, विजय प्रजापत डेयरी एवं स्वीट्स से मिल्क केक एवं मावा के 2 नमूने तथा श्री कृष्णा डेयरी एवं मिष्ठान भंडार से मावा एवं मावा कतली के 2 नमूने लिए गए।

इसी क्रम में यदुराज डेयरी से घी, पनीर एवं मावा कतली के 3 नमूने तथा पालीवाल स्वीट्स से मावा का 1 नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। यदुराज डेयरी में निरीक्षण के दौरान खराब क्रीम के 2 टीन मौके पर नष्ट कराए गए। श्री कृष्णा डेयरी एवं मिष्ठान भंडार में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

श्री सांवरिया दूध डेयरी एंड स्वीट्स, प्रिंस नगर: कुशवाह नगर चौराहे के पास स्थित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान के प्रभारी सुभाष यादव की उपस्थिति में मलाई बर्फी एवं मिल्क केक के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

श्री फलोदी फूड्स, छोटा बांगड़दा: प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर जितेंद्र गुप्ता की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया। परिसर में तिल लड्डू, गुड़ पट्टी, चिक्की, तिल पट्टी एवं राजगीर लड्डू आदि का निर्माण किया जाना पाया गया। यहां से मूंगफली गुड़ पट्टी एवं तिल लड्डू के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। खाद्य पदार्थों के निर्माण के दौरान साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालक द्वारा खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु आवश्यक वैध खाद्य पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया गया। संबंधित संचालक को आवश्यक खाद्य पंजीयन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संग्रहित नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निर्माण, उचित भंडारण, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि दीपावली पर्व के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रहण तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story