इंदौरः धन्वन्तरि जयंती पर चिकित्सा जगत की आठ विभूतियां सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः धन्वन्तरि जयंती पर चिकित्सा जगत की आठ विभूतियां सम्मानित


इंदौरः धन्वन्तरि जयंती पर चिकित्सा जगत की आठ विभूतियां सम्मानित


- मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में एमजीएम मेडिकल कॉलेज में समारोह आयोजित

इंदौर, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में धन्वन्तरि जयंती के अवसर पर आयुर्वेद सम्मेलन, आरोग्य भारती इंदौर महानगर, नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा), एमजीएम स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सहित विभिन्न स्वास्थ्य समर्पित संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को धन्वन्तरि जयंती महोत्सव आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सा जगत की आठ प्रतिष्ठित विभूतियों को उनके उल्लेखनीय योगदान एवं सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

एमजीएम मेडिकल कॉलेज सभागृह में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय थे। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। समारोह का शुभारंभ भगवान धन्वन्तरि के पूजन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक एवं आयुष विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक वैद्य सोमेंद्र मिश्र, वरिष्ठ जनरल प्रैक्टिशनर एवं नीमा के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. महेश गुप्ता, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वैजयन्ती भौरास्कर, वरिष्ठ योगाचार्य एवं आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. रीता शर्मा, वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक एवं शासकीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. तृप्ति काटदरे, वरिष्ठ औषधि निर्माता पं. गौतम मारवाल, वरिष्ठ औषधि विक्रेता पं. अर्पित सिद्ध तथा वरिष्ठ मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव श्री रत्नदीप कानूनगो को सम्मानित किया गया।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने भगवान धन्वन्तरि को आयुर्वेद एवं चिकित्सा परंपरा का आराध्य देव बताते हुए कहा कि उनका जयंती महोत्सव चिकित्सा जगत की विभिन्न पद्धतियों के बीच समन्वय, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। आज के समय में गंभीर बीमारियों की चुनौतियों से निपटने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी चिकित्सा पद्धतियों के चिकित्सकों के बीच सहयोग एवं सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। आरोग्य भारती इसी उद्देश्य से विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के चिकित्सकों को एक मंच पर लाकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में समन्वित एवं प्रभावी भूमिका निभा रही है।

समारोह में भोलानाथ, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. बाजपेयी, विष्णु व्यास सहित चिकित्सा जगत से जुड़े अनेक गणमान्यजन, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

वरिष्ठ चिकित्सक एवं आरोग्य भारती मालवा प्रांत के कार्याध्यक्ष वैद्य लोकेश जोशी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि धन्वन्तरि जयंती महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली विभूतियों का सम्मान करने के साथ भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा सभी चिकित्सा पद्धतियों के बीच परस्पर सहयोग को प्रोत्साहित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773675 Articles

Share this story