इंदौरः जिले के सभी 610 गांवों में घर-घर से कचरा संग्रहण की होगी व्यवस्था
- जिले के सभी शासकीय भवनों और प्रधानमंत्री आवास में वॉटर रिचार्जिंग के कार्य होंगे
इंदौर, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पेयजल स्त्रोतों के सुदृढ़िकरण एवं भूजल संवर्धन तथा इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी कार्यों के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में जिले में स्वच्छता मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता प्रबंधन के लिये कराये जाने वाले कार्यों के संबंध में भी चर्चा की गई। बताया गया कि इसके तहत जिले के सभी गांवों में घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था की जायेगी। साथ ही संग्रहित कचरे के सुरक्षित परिवहन और उसका वैज्ञानिक तरीकों से प्रसंस्करण सुनिश्चित कराया जायेगा। इसके लिये पीपीपी मॉडल पर कार्य कराने के संबंध में चर्चा हुई।
बताया गया कि इसके लिये जिले के सभी 610 गांवों को 56 कलस्टर में विभाजित कर कार्ययोजना का मूर्त रूप दिया जायेगा। कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिये कि यह कार्ययोजना शीघ्र क्रियान्वित की जाये। बैठक में विधायक उषा ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन के संबंध में भी चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर वर्मा ने जिले में भूजल संरक्षण एवं संवर्धन के संबंध में चलाये गये जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कराये गये कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि यह कार्य लगातार जारी रखें जाये। जिले में सभी शासकीय भवनों में वॉटर रिचार्जिंग के कार्य अनिवार्य रूप से कराये जाये। जिले में बन रहे सभी बन रहे प्रधानमंत्री आवास में भी इस तरह के कार्य अनिवार्य रूप से हो।
बैठक में बताया गया कि जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जल गंगा संर्वधन अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया है। अभियान के तहत जन भागीदारी से व्यापक स्तर पर कार्य कराये गये है। जिले में मार्च से लेकर गत जून माह तक अभियान अवधि में जन सहयोग से 2088 रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग के कार्य कराये गये है। इसी तरह 309 रिचार्ज पिट बनाये गये है। जिले में 373 कुंओ तथा 481 हेडपम्प का रिचार्ज का कार्य भी हुआ है। इसी प्रकार 79 चेकडेम/स्टाफ डेम, 93 तालाब और 21 बावड़ियों के जीर्णोद्धार के कार्य कराये गये है। जिले में 6 नए तालाब भी बनाये गये है। अमृत सरोवर योजना में भी 101 नए तालाब जिले में विगत वर्ष बनाये गये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

