मप्रः सैनिकों के कल्याण के लिए इंदौर के दानदाताओं का उल्लेखनीय योगदान, राज्यपाल ने किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः सैनिकों के कल्याण के लिए इंदौर के दानदाताओं का उल्लेखनीय योगदान, राज्यपाल ने किया सम्मानित


इंदौर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की सैनिकों के कल्याण के लिए सहयोग राशि एकत्र करने में उल्लेखनीय भूमिका रही है। सैनिकों के कल्याण के लिए इंदौर के दानदाताओं ने मुख हस्त से सहयोग किया है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मंगलवार को भोपाल में आयोजित एक समारोह में सैनिकों के कल्याण के लिए सशस्त्र सेना झण्डा निधि में एक लाख रुपये से अधिक की सहयोग राशि देने वाले दानदाताओं का सम्मान किया।

सशस्त्र सेना झण्डा दिवस 2024-25 में एक लाख से अधिक की सहयोग राशि सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु देने वाले इंदौर के चार गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया गया। इनमें पटेल मोटर्स इंदौर के संस्थापक वल्लभ भाई पटेल, मध्य प्रदेश सेवा निवृत प्राध्यापक मंच के डॉक्टर नरेन्द्र कुमार ओझा, नव आदर्श विद्या निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल, केलोद हाला, इंदौर के निदेशक चतुर सिंह यादव एवं विनर्स इंस्टिट्यूट, इंदौर के संस्थापक आदित्य पटेल शामिल है। इन्हें आज राज्यपाल पटेल ने लोक भवन भोपाल में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। अवगत रहे, यह सहयोग राशि पूर्व सैनिकों, वीरनारियों, सैनिकों की विधवाओं एवं उनके आश्रितों के कल्याण एवं पुनर्वास में राज्य सैनिक बोर्ड द्वारा उपयोग में ली जाती है।

सशस्त्र सेना झण्डा दिवस 2024-25 में दानदाताओं श्री वल्लभ भाई पटेल ने 3 लाख दो हजार रुपये, सेवा निवृत प्राध्यापक मंच मध्यप्रदेश द्वारा डेढ़ लाख रुपये, नव आदर्श विद्या निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल केलोद हाला इंदौर के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने (स्नेह सम्मलेन के दौरान एकत्र) एक लाख 11 हजार रुपये एवं विनर्स इंस्टिट्यूट इंदौर की फेकल्टी एवं अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने 12 लाख 44 हजार 818 रुपये का योगदान दिया है।

उल्लेखनीय है की पटेल मोटर्स इंदौर के संस्थापक वल्लभ भाई पटेल द्वारा विगत 06 वर्षों से लगातार सशस्त्र सेना झण्डा दिवस में एक लाख रुपये से अधिक की राशि का सहयोग दिया जा रहा है। इसके अलावा विनर्स इंस्टिट्यूट, इंदौर के संस्थापक आदित्य पटेल द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के पश्चात विशेष रूप से चलाई गई कोचिंग के माध्यम से फैकल्टी एवं छात्रों के सहयोग से 12 लाख से अधिक की सहयोग राशि एकत्रित की एवं सशस्त्रसेना झण्डा दिवस सहयोग स्वरूप भेंट की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story