इंदौरः स्मृति प्रसंग समारोह में शास्त्रीय संगीत की विविध प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः स्मृति प्रसंग समारोह में शास्त्रीय संगीत की विविध प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध


इंदौर, 19 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में संगीत मूर्धन्य पं. विष्णु नारायण भातखण्डे की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को लता मंगेशकर शासकीय संगीत महाविद्यालय द्वारा संतोष सभागृह में स्मृति प्रसंग समारोह-2026 में शास्त्रीय संगीत की विविध प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं पं. विष्णु नारायण भातखण्डे स्तुति गान से हुआ। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत इस वंदना एवं स्तुति गान का निर्देशन डॉ. ऋतु सक्सेना ने किया। इसके उपरांत कार्यक्रम की प्रथम प्रस्तुति के रूप में रवि दंदेलिया ने वायलिन वादन प्रस्तुत किया। उन्होंने राग रागेश्री में विलंबित एवं मध्यलय की गतें तीनताल में प्रस्तुत कीं। उनके वायलिन वादन में माधुर्य, ठहराव और मीड़ की कोमलता ने श्रोताओं को विशेष रूप से प्रभावित किया। तबले पर श्री गांधार राजहंस ने सधी हुई संगत की।

कार्यक्रम की अगली प्रस्तुति दिल्ली से पधारीं डॉ. रिक्षाना रहस्य के शास्त्रीय गायन की रही। उन्होंने अपने गायन का आरंभ राग यमन से किया। एकताल विलंबित में ‘मेरा मन बांध लीनो रे’ की प्रस्तुति के बाद तीनताल मध्यलय में रचना प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात द्रुत एकताल में ‘आई रे मिलन तोहे’ की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने राग पीलू में ‘झूला धीरे से झुलाओ’ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। उनके साथ तबले पर श्री अनूप पवार एवं संवादिनी पर श्री रवि किल्लेदार ने प्रभावी संगत की।

समारोह की अंतिम प्रस्तुति के रूप में पं. अरुण मोरोणे ने सितार वादन प्रस्तुत किया। उन्होंने राग जोग में मसीतखानी एवं रजाखानी गतें तीनताल में प्रस्तुत कीं। उनके सितार वादन की प्रस्तुति में शास्त्रीय संगीत की गंभीरता और माधुर्य का सुंदर समन्वय देखने को मिला। तबले पर श्री गांधार राजहंस ने सधी हुई संगत की।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में विधायक गोलू शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश कड़ोतिया ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया तथा अतिथियों का स्वागत किया। सुशीला वसुनिया ने पं. विष्णु नारायण भातखण्डे के जीवन परिचय तथा संगीत के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन शफीक खान ने किया। समारोह का संयोजन सुन्नी बागेश्री पटेल द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. श्वेता गोस्वामी ने किया। समारोह में संगीत प्रेमियों, महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं कला एवं संगीत क्षेत्र से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story