इंदौरः मंत्री सिलावट ने उप मुख्यमंत्री शुक्ला से की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मंत्री सिलावट ने उप मुख्यमंत्री शुक्ला से की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा


- सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए एमवाय और जिला हॉस्पीटल के निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करवाने का किया आग्रह

इंदौर, 03 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के इन्दौर प्रवास पर उनसे स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। सिलावट ने सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए एमवाय हॉस्पीटल और जिला हॉस्पीटल के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करवाने का आग्रह किया।

मंत्री सिलावट ने बताया कि इन्दौर में बेहतर आवागमन और स्वास्थ्य सुविधा होने के कारण हजारों मरीज प्रतिदिन आते हैं। एमवाय हॉस्पीटल में प्रतिदिन पांच हजार से ज्यादा मरीज आते हैं और स्वास्थ्य लाभ लेते हैं। हॉस्पीटल में भवन और बेड की कमी होने पर मरीजों को असुविधाओं का सामना करना पडता है।

सिलावट ने बताया कि एमवाय हॉस्पीटल में विकास के लिए शासन द्वारा लगभग 775 करोड़ रुपये के विकास कार्यों तथा हॉस्पीटल के उन्नयन एवं मरीजों के स्वास्थ्य सुविधाओं हेतु स्वीकृत किये गए हैं, जिन पर निर्माण कार्य हो रहा है। सिंहस्थ महापर्व 2028 को देखते हुए इन निर्माण कार्यों में गति लाना आवश्यक है। साथ ही धार रोड स्थित सबसे बड़े बनने वाले जिला हॉस्पीटल भवन का निर्माण शीघ्र कराकर मरीजों को बेहतर उपचार मिले, इस हेतु आग्रह किया गया।

मंत्री सिलावट ने सांवेर विधानसभा के लगभग 30 से अधिक सीएचसी-पीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए आगामी वर्षों में सिंहस्थ के दौरान सांवेर तथा धरमपुरी व शिप्रा में स्वास्थ्य सेवाओं को बढाने एवं उनके उन्नयन तथा विकास कार्यों को कराने के लिए जोर दिया। सिलावट ने ग्वालियर स्थित गजराराजे चिकित्सा महाविद्यालय में भी इंदौर की तर्ज पर लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन एवं विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story