इंदौरः मास्टर प्लान सड़क पर रिमूवल कार्रवाई जारी, पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ में हटाए बाधक निर्माण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मास्टर प्लान सड़क पर रिमूवल कार्रवाई जारी, पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ में हटाए बाधक निर्माण


इंदौरः मास्टर प्लान सड़क पर रिमूवल कार्रवाई जारी, पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ में हटाए बाधक निर्माण


आरई-2 सड़क निर्माण में बाधक तीन बस्तियों में कार्रवाई, शेष दो स्थानों पर कल होगी कार्रवाई

इंदौर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मास्टर प्लान के तहत भूरी टेकरी से नायता मुंडला आरटीओ तक निर्माणाधीन आरई-2 सड़क के निर्माण में बाधक मकानों एवं अन्य निर्माणों को हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ बस्ती में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन पुलिस और नगर निगम के संयुक्त दल द्वारा कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण में बाधक अवैध कच्चे निर्माणों को हटाया गया।

एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि आरई-2 सड़क की कुल लंबाई 4.25 किलोमीटर तथा मास्टर प्लान के अनुसार चौड़ाई 45 मीटर है। इसमें से लगभग 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। सड़क निर्माण के लिए नगर निगम, ग्राम निवेश विभाग एवं कलेक्टर कार्यालय की संयुक्त टीम द्वारा सीमांकन की कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य प्रगतिरत है।

आरई-2 के निर्माण में कुल 7 बस्तियां बाधक हैं। इनमें से चार बस्तियों- शांति नगर, पंचमुखी हनुमान मंदिर नायता रोड, स्कंदधाम कॉलोनी तथा आरटीओ कार्यालय के पास की बस्ती- का व्यवस्थापन प्रधानमंत्री आवास योजना के नीलगिरि परिसर स्थित आवासीय प्रकोष्ठों में किया जा चुका है। शेष शिव नगर, शिव दर्शन नगर एवं पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ में निवासरत परिवारों का व्यवस्थापन किया जाना शेष था।

पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ बस्ती में पूर्व में 325 परिवारों का व्यवस्थापन किया गया था। इनमें से 303 परिवार नियमानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के नीलगिरि परिसर के आवासीय प्रकोष्ठों में निवासरत हैं। शेष 22 मकानों को न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त होने के कारण पूर्व में नहीं हटाया गया था। न्यायालय के निर्णय के क्रम में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इन परिवारों को आवासीय प्रकोष्ठ आवंटित किए गए हैं तथा व्यवस्थापन के लिए 15 दिवस का नोटिस भी दिया जा चुका है।

वहीं, 22 मकानों के अतिरिक्त अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए 58 कच्चे झोपड़ों को हटाने की कार्रवाई आज पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ में की गई। इसी क्रम में शिव नगर और शिव दर्शन नगर में भी सड़क निर्माण में बाधक निर्माणों को हटाने की कार्रवाई कल की जाएगी। शिव नगर बस्ती में 80 कच्चे-पक्के मकानों में 117 परिवार तथा शिव दर्शन नगर में 55 कच्चे-पक्के मकानों में 72 परिवार निवासरत हैं। इन परिवारों का प्रधानमंत्री आवास योजना के नीलगिरि परिसर के आवासीय प्रकोष्ठों में व्यवस्थापन किया जाना है।

नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण में बाधक सभी निर्माणों को नियमानुसार हटाकर RE-2 सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित गति से आगे बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है। कार्यवाही के दौरान अपर आयुक्त नगर निगम आकाश सिंह, प्रखर सिंह, अभय राजनगांवकर, एसडीएम घनश्याम धनगर, उपायुक्त पुलिस अमरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story