इंदौरः नगर निगम में 10 साल नौकरी वाले दैनिक वेतन भोगी होंगे नियमित, संकल्प पारित

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः नगर निगम में 10 साल नौकरी वाले दैनिक वेतन भोगी होंगे नियमित, संकल्प पारित


इंदौर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम में वर्षों से नियमितीकरण की बाट जोह रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए राहत का रास्ता खुल गया है। निगम ने 10 साल की सेवा पूरी कर चुके सभी पात्र कर्मचारियों को विनियमित करने का संकल्प पारित किया है। इसके तहत मध्य प्रदेश सरकार के वर्ष 2016 के सर्कुलर में निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले कर्मचारियों को लाभ दिया जाएगा।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शनिवार को बताया कि दीपावली के अवसर पर महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक में सफाई मित्रों और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के विनियमितीकरण का निर्णय लेने की घोषणा की गई थी। अब इस दिशा में निगम ने औपचारिक संकल्प पारित कर दिया है।

1650 कर्मचारियों के मामलों में पहले हो चुकी है कार्रवाई

महापौर ने कहा कि शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कई कर्मचारी एक दशक से अधिक समय तक सेवा देने के बावजूद नियमितीकरण के लाभ से वंचित थे। अब 2016 के सर्कुलर के अनुसार जरूरी शर्तें पूरी करने वाले सभी कर्मचारियों को इस दायरे में लाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन में पहले 1650 कर्मचारियों के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के तहत समान पात्रता रखने वाले दूसरे कर्मचारियों को भी समान लाभ मिलना चाहिए। इसी आधार पर निगम ने 10 साल की सेवा पूरी कर चुके पात्र दैनिक वेतनभोगियों के विनियमितीकरण का संकल्प पारित किया है।

महापौर के मुताबिक, इस फैसले से लंबे समय से नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को सम्मान और स्वाभिमान के साथ काम करने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777274 Articles

Share this story