इंदौरः कृषि महाविद्यालय में कृषि विपणन में प्राकृतिक खेती एवं सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर सम्मेलन सम्पन्न

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः कृषि महाविद्यालय में कृषि विपणन में प्राकृतिक खेती एवं सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर सम्मेलन सम्पन्न


इंदौर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित भोपाल द्वारा इंदौर के कृषि महाविद्यालय में बुधवार को कृषि विपणन में प्राकृतिक खेती एवं सहकारी संस्थाओं की भूमिका विषय पर एक दिवसीय कृषि विपणन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 से अधिक किसानों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के सचिव महेंद्र दीक्षित रहे। अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय इंदौर के डीन भरत सिंह ने की। इस अवसर पर संयुक्त संचालक कृषि, उपसंचालक कृषि, उपसंचालक आत्मा, इंदौर एवं उज्जैन संभाग के जिला विपणन अधिकारी, विपणन संस्थाओं तथा सहकारी समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्मेलन में प्राकृतिक खेती अपनाने वाले प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आय वृद्धि, लागत में कमी और टिकाऊ कृषि प्रणाली के लाभों पर प्रकाश डाला। विशेषज्ञों ने आधुनिक कृषि विपणन तकनीकों, वैज्ञानिक भंडारण उपायों तथा बेहतर विपणन व्यवस्था की जानकारी दी। स्टार एग्री एवं समुन्नती संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने किसानों को ऋण सुविधाओं, वित्तीय सेवाओं और कृषि व्यवसाय संबंधी योजनाओं से अवगत कराया। साथ ही ई-विकास प्रणाली का प्रस्तुतीकरण भी किया गया तथा कृषि विपणन से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य अतिथि महेंद्र दीक्षित ने अपने उद्बोधन में प्राकृतिक खेती को किसानों की आय वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण तथा गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन का प्रभावी माध्यम बताते हुए सहकारी संस्थाओं की भूमिका को और सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों एवं सहकारी सेवाओं का अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया।कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story